लिफ्ट देने के बहाने महिला से मारपीट व सोने के कुंडल लूटने का आरोप
बदायूं। मलगांव से शहर जाने के लिए सड़क किनारे खड़ी एक महिला को बाइक सवार युवक ने लिफ्ट देने के बहाने बैठा लिया। आरोप है कि वह उसे सुनसान जंगल में ले गया, जहां मारपीट कर कानों से सोने के कुंडल लूट लिए। सूचना पर पुलिस मौके पर पहुंची और जांच शुरू कर दी। इसके बाद कुंडल जमीन पर पड़ा मिला।
बिनावर थाना क्षेत्र के गांव रहमा के मजरा जाटव गौंटिया निवासी पीआरडी जवान रामवीर ने बताया कि उनकी पत्नी द्रोपा देवी रविवार अपराह्न घर से बदायूं जाने के लिए निकली थीं। वह बरेली-मथुरा हाईवे पर गांव मलगांव श्मशान भूमि के सामने सवारी का इंतजार कर रही थीं। तभी एक बाइक सवार वहां पहुंचा और शहर छोड़ने की बात कहकर उन्हें बाइक पर बैठा लिया। कुछ दूरी तक मुख्य मार्ग पर चलने के बाद आरोपी मलगांव रेलवे क्रॉसिंग पार कर बाइक को रहमा गांव के जंगल की ओर मोड़ ले गया।
आरोप है कि वह महिला को बगीचे के निकट डुवैरा मार्ग पर ले गया और वहां वारदात को अंजाम दिया। महिला का आरोप है कि आरोपी ने सुनसान स्थान पर बाइक रोककर उसके कानों से सोने के कुंडल छीनने का प्रयास किया।
विरोध करने पर उसे जमीन पर गिराकर मारपीट की और दोनों कुंडल लूट लिए। आरोपी ने पायजेब उतारने की भी कोशिश की।। शोर मचाने पर वह जान से मारने की धमकी देकर फरार हो गया। घटना की सूचना मिलने पर पीआरडी जवान मौके पर पहुंचे और पत्नी को लेकर थाने पहुंचे। सूचना पर सीओ सिटी रजनीश उपाध्याय भी घटनास्थल पहुंचे। पुलिस को मौके से एक सोने का कुंडल बरामद हुआ। प्रभारी निरीक्षक अरिहंत कुमार सिद्धार्थ ने बताया कि प्रकरण की गहनता से जांच की जा रही है।

टिप्पणियाँ