सांड़ से टकराकर घायल हुए युवक की मौत, मचा कोहराम 

बदायूं। सांड़ से टकराकर घायल हुए बाइक सवार की इलाज के दौरान बरेली के निजी अस्पताल में मौत हो गई। इसके बाद परिवार के लोग शव गांव लेकर पहुंचे और पुलिस को सूचना दी। पुलिस ने शव पोस्टमार्टम को भेजकर जांच शुरू कर दी है।

हादसा दो फरवरी को उसावां थाना क्षेत्र के एमएफ हाईवे स्थित उसावां व शाहजहांपुर के कलान बॉर्डर पर काली मंदिर के पास हुआ था। थाना क्षेत्र के मथना गांव के रहने वाले अजय पाल 41 वर्ष पुत्र छोटेलाल दो फरवरी की शाम शाहजहांपुर जिले के कलान से रिश्तेदारी से घर लौट रहे थे। जैसे ही वह बाइक से काली मंदिर के पास पहुंचे, सामने से आ रहे सांड़ से उनकी टक्कर हो गई, जिससे वह गंभीर रूप से घायल हो गए।

हादसे की सूचना पर मौके पर पहुंचे परिजन व पुलिस ने घायल अजय पाल को पहले उसावां सीएचसी में भर्ती कराया। हालत गंभीर होने पर उन्हें जिला अस्पताल लाया गया। यहां भी हालत में सुधार नहीं हुआ तो उन्हें बरेली के निजी अस्पताल रेफर कर दिया गया, जहां इलाज के दौरान उनकी मौत हो गई।