फंदे पर लटकी मिली 40 दिन की  विवाहिता, दहेज हत्या का आरोप

मुजरिया। एक विवाहिता ने फंदे से लटककर जान दे दी। उसके मायके वालों ने ससुरालियों पर दहेज हत्या का आरोप लगाया है। उसकी करीब 40 दिन पहले ही शादी हुई थी। पोस्टमार्टम रिपोर्ट में हैंगिंग से मौत की पुष्टि हुई है। मुजरिया थाना क्षेत्र के गांव कोल्हाई के दानिश की शादी 40 दिन पहले उघैती थाना क्षेत्र के गांव एपूरा निवासी बाबू की 20 वर्षीय बेटी फिजा से हुई थी। फिजा के पिता बाबू ने बताया कि उन्होंने अपनी हैसियत के अनुसार शादी में दान-दहेज दिया था, लेकिन शादी के बाद किसी बात को लेकर ससुराल वाले उसकी बेटी को प्रताड़ित करने लगे थे। जब उन्हें बेटी की मौत की सूचना मिली और वह कोल्हाई पहुंचे, तब तक फिजा को फंदे से नीचे उतारा जा चुका था। 


सूचना मिलने पर मुजरिया थाना पुलिस मौके पर पहुंच गई और फिजा के शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया। पुलिस ने मौके पर जांच पड़ताल शुरू कर दी है। फिजा की मौत के बाद उसके ससुराल पक्ष के लोग घर छोड़कर फरार बताए जा रहे हैं। प्रभारी निरीक्षक विदेश शर्मा ने बताया कि पोस्टमार्टम रिपोर्ट में फंदे से लटकर मौत होना पाया गया है।



टिप्पणियाँ