एडीजी से शिकायत के बाद 3 लोगों पर हुआ कबूतर मारने का केस दर्ज

 

बदायूं। कार्रवाई न होने पर पीड़िता द्वारा एडीजी बरेली से शिकायत के करीब चार दिन बाद पुलिस ने तीन लोगों के खिलाफ घर में घुसकर कबूतर मारने, गाली-गलौज करने और जान से मारने की धमकी देने के आरोप में मुकदमा दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।

मामला सहसवान कोतवाली क्षेत्र के गांव परसोना का है। यहां की रहने वाली अम्बरवती पत्नी मोरपाल ने एडीजी बरेली को भेजे शिकायती पत्र में बताया कि वह अपने घर में कबूतर पालती हैं। आरोप है कि गांव के ही धर्म सिंह पुत्र उमराय, राधे पुत्र जगदीश और गोविंद पुत्र छत्रपाल अक्सर उनकी छत के रास्ते घर में आ जाते थे और उनके कबूतरों को नुकसान पहुंचाते थे। पीड़िता का कहना है कि विरोध करने पर आरोपी बहाने बनाकर बात टाल देते थे। 29 मई की सुबह उन्हें अपने कई कबूतर मृत मिले, जिसके बाद उन्होंने आरोपियों से इस संबंध में पूछताछ की। अम्बरवती का आरोप है कि कबूतरों की मौत का कारण पूछने पर तीनों आरोपी गाली-गलौज करने लगे और विरोध करने पर जान से मारने की धमकी देकर चले गए। पीड़िता का कहना है कि स्थानीय स्तर पर कार्रवाई नहीं होने पर उन्होंने एडीजी बरेली से शिकायत की।

टिप्पणियाँ