गैस सिलेंडर से घर में लगी आग, सामान जलकर राख, एक व्यक्ति झुलसा

अलापुर। गैस सिलेंडर लीक होने के बाद घर में भीषण आग लग गई। आग तेजी से पूरे मकान में फैल गई, जिससे घर में रखा सामान जलकर नष्ट हो गया और एक व्यक्ति झुलस गया। धमाके की तीव्रता से कमरे के किवाड़ उखड़ गए तथा लिंटर में छेद हो गया। 

हादसा अलापुर थाना क्षेत्र की सखानूँ नगर पंचायत के वार्ड नंबर एक में हुआ। यहां रहने वाले रामवीर पुत्र मुरारी लाल के घर गैस सिलेंडर लीक होने के बाद अचानक आग लग गई। 

परिजनों ने बताया कि रात रामवीर घर के बाहर जाल पर सो रहे थे, जबकि बेटा गौरव, बहू अर्चना और पोती आरवी मकान की छत पर सो रहे थे। सुबह गैस सिलेंडर से गैस लीक होने के बाद आग भड़क उठी और देखते ही देखते पूरे घर में फैल गई। आग की लपटों के बीच रामवीर झुलस गए। तेज धमाके से कमरे के दोनों किवाड़ उखड़कर दूर जा गिरे और मकान के लिंटर में भी छेद हो गया। 

आग से घरेलू सामान पूरी तरह क्षतिग्रस्त हो गया। धमाके और आग की सूचना मिलते ही आसपास के लोग मौके पर पहुंच गए। लोगों ने बाल्टियों और अन्य संसाधनों की मदद से आग बुझाने का प्रयास शुरू किया। काफी देर की मशक्कत के बाद आग पर काबू पाया जा सका, जिससे आग आसपास के मकानों तक फैलने से बच गई। आग में फर्नीचर, कपड़े, बिस्तर, घरेलू उपयोग का सामान और अन्य कीमती वस्तुएं जलकर नष्ट हो गईं।


टिप्पणियाँ