शिक्षिका ने प्रधानाध्यापिका के पति पर लगाया छेड़खानी का आरोप, थाने में दी तहरीर
बदायूं। थाना फैजगंज बेहटा गांव स्थित एक निजी स्कूल में सहायक अध्यापिका और प्रधान अध्यापिका के पति के बीच विवाद का मामला थाने तक पहुंच गया। सहायक अध्यापिका ने प्रधान अध्यापिका व उसके पति पर गालीगलौज, छेड़खानी का आरोप लगाते हुए तहरीर दी है।
पीड़ित शिक्षिका ने दी तहरीर में बताया कि वह रोजाना की तरह सुबह स्कूल पहुंचीं, लेकिन गेट बंद मिला। इसी दौरान कई बच्चे और अभिभावक भी वहां आ गए और स्कूल समय से न खुलने को लेकर नाराजगी जताने लगे। कुछ देर बाद प्रधान अध्यापिका अपने पति के साथ स्कूल पहुंचीं। जब पीड़िता ने समय से स्कूल खोलने के लिए एक चाबी देने की बात कही तो प्रधान अध्यापिका के पति भड़क गए और गालीगलौज करने लगे। विरोध करने पर उन्होंने धक्का-मुक्की की और छेड़खानी का प्रयास किया। इस संबंध में बीडीओ प्रेमसुख गंगवार ने बताया कि वह फिलहाल अवकाश पर हैं। जांच कर उचित कार्रवाई की जाएगी।
