जे.एस. (पी.जी.) कॉलेज में शिविर के चौथे दिन चलाया “यातायात जागरूकता अभियान”
बदायूं । जे.एस. (पी.जी.) कॉलेज, बदायूं में राष्ट्रीय सेवा योजना (एनएसएस) के सात दिवसीय विशेष शिविर के चतुर्थ दिवस पर एनएसएस की दोनों इकाइयों द्वारा संयुक्त रूप से “यातायात जागरूकता अभियान” का आयोजन किया गया।
इस अवसर पर स्वयंसेवकों ने बदायूं–फर्रुखाबाद रोड पर अभियान चलाकर आमजन को सड़क सुरक्षा नियमों के प्रति जागरूक किया। अभियान का संचालन एनएसएस कार्यक्रम अधिकारी छविराम सिंह एवं डॉ. अंशुमन गुप्ता के मार्गदर्शन में किया गया।
स्वयंसेवकों ने दोपहिया वाहन चालकों को हेलमेट पहनने तथा चारपहिया वाहन चालकों को सीट बेल्ट लगाने के लिए प्रेरित किया। साथ ही यातायात संकेतों का पालन करने, निर्धारित गति सीमा में वाहन चलाने एवं सड़क सुरक्षा नियमों के अनुपालन के महत्व के बारे में विस्तारपूर्वक जानकारी दी।
कार्यक्रम का उद्देश्य सड़क दुर्घटनाओं में कमी लाना तथा नागरिकों में यातायात नियमों के प्रति जिम्मेदारी की भावना विकसित करना था। अभियान में कॉलेज डायरेक्टर विकास यादव, प्राचार्या डॉ. निशि अवस्थी, मीडिया प्रभारी सुनील कुमार भास्कर, समस्त स्टाफ, स्वयंसेवक एवं स्थानीय नागरिकों की सक्रिय सहभागिता रही।


