केंद्रीय मंत्री जयंत चौधरी का शिक्षको ने फूंका पुतला
बदायूं। उत्तर प्रदेशीय प्राथमिक शिक्षक संघ के प्रांतीय नेतृत्व के आह्वान पर शिक्षकों ने इस्लामियां इंटर कॉलेज के सामने जिलाध्यक्ष एवं प्रांतीय प्रचार मंत्री संजीव शर्मा के नेतृत्व में जयंत चौधरी का पुतला फूंका।
जिलाध्यक्ष ने कहा कि शिक्षकों की नौकरी तत्कालीन नियमों एवं अहर्ताओं के आधार पर आरटीई एक्ट लागू होने से पूर्व लगी और ऐसी स्थिति में शिक्षकों को सेवा में बने रहने एवं पदोन्नति के लिए टेट की अनिवार्यता किया जाना पूर्णतया नियम विरुद्ध है। सर्वोच्च न्यायालय के इस आदेश पर केवल उत्तर प्रदेश ही नहीं बल्कि संपूर्ण भारतवर्ष के 20 लाख से अधिक शिक्षक प्रभावित हो रहे हैं। जिला मंत्री उदयवीर यादव ने कहा कि भारत सरकार के शिक्षा मंत्रालय के राज्य मंत्री जयंत चौधरी शिक्षकों के साथ वार्ता में जो बयान देते हैं, संसद में उसके विपरीत बयान दे रहे हैं। देश के 20 लाख शिक्षक जो निर्धारित योग्यता हासिल करके शिक्षक बने हैं उन्हें सेवा में आने के 20-25 वर्ष बाद वर्तमान की योग्यता हासिल करने को बाध्य करना कितना न्यायोचित है।
इस अवसर पर उत्तर प्रदेशीय प्राथमिक शिक्षक संघ के जिला महामंत्री उदयवीर सिंह यादव, जिला कोषाध्यक्ष सुशील चौधरी, राष्ट्रीय शैक्षिक महासंघ के जिला संयोजक दुष्यंत रघुवंशी, प्रदीप गुप्ता, सह- संयोजक सोनी गुप्ता, महिला शिक्षक संघ की जिलाध्यक्ष किरन सिसोदिया, पूर्व माध्यमिक शिक्षक संघ जिलाध्यक्ष प्रेमानंद शर्मा, हरीश यादव, बृजेश यादव, अनुज शर्मा आदि उपस्थित रहे।
