होली से पूर्व खाद्य विभाग की मिलावटखोरों के खिलाफ कार्रवाई
45 किलो छेना मिठाई कराई नष्ट, 74 लीटर सोयाबीन तेल सीज
बदायूं। होली का पर्व आने से पहले ही खाद्य विभाग सक्रिय हो गया है। खाद्य सुरक्षा विभाग की टीमें शहर से देहात तक छापेमारी कर रही हैं। शहर में सरसों के तेल का सैंपल भरा गया। वहीं भारी मात्रा में तेल सीज किया गया है। इसके अलावा सहसवान में छेना मिठाई का सैंपल लिया है। भारी मात्रा में छेना मिठाई को नष्ट कराया गया। बाजार में होली से पहले ऐसा सोयाबीन तेल व मिठाई बिक रहा है जो मानव उपयोग के लिए नुकसान दायक है।
गुरुवार को सहायक आयुक्त खाद्य द्वितीय सीएल यादव व मुख्य खाद्य सुरक्षा अधिकारी आरपी सिंह के निर्देशन में आगामी होली पर्व को लेकर छापामारी अभियान चलाया गया। ग्रामीण एवं शहरी क्षेत्रों से विशेष अभियान के दौरान विभिन्न खाद्य परिसरों से कुल चार खाद्य पदार्थो के नमूने भरे गए। इस दौरान शहर के गोपी चैक से पारूल रस्तोगी के प्रतिष्ठान से एक रिफाइंड सोयाबीन तेल का नमूना संग्रहित किया गया, शेष लभभग 74 लीटर (अनुमानित दाम 10,500) रिफाइंड सोयाबीन तेल सीज किया गया। इसके अलावा प्रतिष्ठान में साफ-सफाई संतोषजनक न पाये जाने पर इम्प्रूवमेंट नोटिस जारी किया है।
वहीं अनाज मंडी बदायूं स्थित हर्षित साहू के प्रतिष्ठान से एक गुड़ का नमूना संग्रहित किया गया एवं प्रतिष्ठान में साफ-सफाई संतोषजनक पाये जाने पर इम्प्रूवमेंट नोटिस जारी किया। सैफुल्लागंज सहसवान स्थित धर्मपाल के प्रतिष्ठान से छेना मिठाई का नमूना संग्रहित किया गया, शेष लभभग 45 किलो छेना मिठाई (अनुमानित दाम 5000) जो मानव उपभोग को उपयुक्त न पाये जाने पर नियमानुसार नष्ट कराया गया। इसके अलावा प्रतिष्ठान में साफ-सफाई संतोषजनक न पाये जाने पर इम्प्रूवमेंट नोटिस जारी किया है। नथुलागंज सहसवान स्थित असरार अहमद के प्रतिष्ठान से एक लड्डू का नमूना संग्रहित किया गया। इन संग्रहित किए गए कुल चार नमूनों को जांच को राजकीय प्रयोगशाला भेजा है। इस अभियान में खाद्य सुरक्षा अधिकारी भगवत सिंह, प्रिया त्रिपाठी, खुशीराम आदि रहे।

