ससुराल जा रहे बाइक सवार युवक की पिकअप की टक्कर से मौत
बदायूं। कासगंज से ससुराल में बेटे के पहले जन्मदिन में शामिल होने जा रहे बाइक सवार की दूध से भरी पिकअप वाहन की टक्कर से मौत हो गई।
हादसा कादरचौक थाना क्षेत्र उसहैत-कादरचौक रोड स्थित गांव सिमरा के पास खंजन नगला मोड़ के पास हुआ। कासगंज जिले के सुनगढ़ी थाना क्षेत्र के गांव शाहबाजपुर के रहने वाले रोहित भारद्वाज 31 वर्ष पुत्र विद्याराम भारद्वाज जो दिल्ली में डेल कंपनी में ड्राइवर थे, बुधवार को अपनी बाइक से ससुराल शाहजहांपुर के दहेलिया गांव अपने बेटे के पहले जन्मदिन में जा रहे थे। कादरचौक कस्बे से आगे उसहैत रोड स्थित सिमरा गांव के पास खंजन नगला मोड़ पर पहुंचे, सामने से आ रही दूध से भरी पिकअप वाहन ने उनकी बाइक में टक्कर मार दी, जिससे वह गंभीर रूप से घायल हो गए। कादरचौक सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र में चिकित्सकों ने जांच के बाद रोहित को मृत घोषित कर दिया। रोहित के भाई सोनू ने बताया कि उनकी शादी 18 अप्रैल 2024 को हुई थी । थानाध्यक्ष कादरचौक विक्रम सिंह का कहना है कि कासगंज के युवक की मौत हुई है। शव को पोस्टमार्टम को भेज दिया है। पिकअप वाहन व चालक की तलाश की जा रही है। तहरीर पर केस दर्ज कर आगे की विधिक कार्रवाई की जाएगी।
