यूपी बोर्ड परीक्षा: सोमवार को 3,580 परीक्षार्थी परीक्षा में नहीं हुए शामिल
बदायूं। यूपी बोर्ड के हाईस्कूल एवं इंटरमीडिएट की परीक्षाएं 98 केंद्रों पर शांतिपूर्ण ढंग से जारी हैं। सोमवार के लिए पहली पाली में हाईस्कूल के अंग्रेजी एवं इंटरमीडिएट के व्यायवासिक विषय की परीक्षा संपन्न हुई। अंग्रेजी का पेपर होने के चलते परीक्षा केंद्रों पर अधिक सख्ती रही। सचल दल ने छापेमारी की।
यूपी बोर्ड परीक्षा में सख्ती के चलते परीक्षा छोड़ने वाले परीक्षार्थियों की संख्या लगातार बढ़ती जा रही है। सोमवार के लिए दोनों पालियों में 3,580 परीक्षार्थी परीक्षा में शामिल नहीं हुये। प्रथम पाली में हाईस्कूल के अंग्रेजी विषय की परीक्षा में 36,709 परीक्षार्थियों के सापेक्ष 34,144 परीक्षार्थी परीक्षा में शामिल हुए। 2,526 ने परीक्षा छोड़ दी।
प्रथम पाली में इंटरमीडिएट के व्यायवासिक विषय की परीक्षा में 272 परीक्षार्थियों के सापेक्ष 261 ने परीक्षा दी। द्वितीय पाली में इंटरमीडिएट के बायो एवं मैथ्स विषय की परीक्षा हुई। इसमें 18,989 के सापेक्ष 17,946 परीक्षार्थियों ने परीक्षा दी। 1043 परीक्षार्थियों ने परीक्षा छोड़ दी।
परीक्षा केंद्रों पर परीक्षार्थियों की गेट पर कड़ी तलाशी ली गयी। डीआईओएस, डायट प्राचार्य, बीएसए, वित्त एवं लेखा अधिकारी ने सचल दल के साथ परीक्षा केंद्रों पर छापेमारी की। जनपद मुख्यालय पर राजकीय इंटर कॉलेज में बने कंट्रोल रूम से परीक्षा के दौरान की गतिविधियां देखी गयीं।
