सूदखोरों के कर्ज से परेशान युवक ने विषाक्त खाकर की आत्महत्या
वायरल वीडियो में लगाई न्याय की गुहार
बदायूं। सिविल लाइन क्षेत्र में एक युवक ने सूदखोर से परेशान होकर जहर खाकर आत्महत्या कर ली। इससे पहले उसने एक वीडियो बनाकर सोशल मीडिया पर वायरल किया, जिसमें तीन लोगों को अपनी मौत के लिए जिम्मेदार ठहराते हुए न्याय की गुहार लगाई।
कोतवाली सिविल लाइन क्षेत्र के ढाक वाली ज्यारत मोहल्ले में रहने वाले फल विक्रेता सोनू शर्मा 34 वर्ष पुत्र राजेश शर्मा ने विषाक्त पदार्थ खाकर आत्महत्या कर ली और घटना से पहले वीडियो बनाकर सोशल मीडिया पर वायरल की। इसमें एसएसपी अंकिता शर्मा को संबोधित करते हुए न्याय की गुहार लगाई है। वीडियो में उसने तीन लोगों को इसका जिम्मेदार ठहराया है। ढाक वाली ज्यारत के रहने वाला सोनू शर्मा मंडी समिति में फल का ठेला लगता था। वहां उसने एक युवक से एक साल पहले 20 हजार रुपये कर्ज लिए थे। वायरल वीडियो में सोनू का कहना है कि वह मूलधन से तीन गुना अधिक ब्याज दे चुका है, उसके बाद भी आरोपी मानसिक प्रताड़ना दे रहे थे, परेशान कर रहे थे। इससे परेशान होकर सोनू ने मंगलवार को विषाक्त पदार्थ खा लिया। हालत गंभीर होने पर परिजनों ने उसे जिला अस्पताल में भर्ती कराया। जहां डाक्टरों ने युवक की हालत गंभीर देखते हुए मेडीकल कॉलेज रेफर कर दिया। हालत में सुधार न होने पर डाक्टरों ने हायर सेंटर रेफर कर दिया। बरेली के निजी अस्पताल में इलाज के दौरान बुधवार सुबह युवक ने दम तोड़ दिया। परिजनों ने थाना पुलिस को तहरीर देकर एक वकील सहित तीन लोगों को मौत का जिम्मेदार ठहराया है। युवक की मौत के बाद उसकी पत्नी मोहनी शर्मा व परिजनों का रो रोकर बुरा हाल है। मृतक की आठ माह की एक बेटी और चार वर्ष का बेटा है।
निजी अस्पताल में मौत के बाद बरेली पुलिस ने युवक के शव का पोस्टमॉर्टम कराया गया। जिसके बाद परिवार के लोग बुधवार रात करीब नौ बजे शव शहर स्थित घर पहुंचा तो कोहराम मच गया। इसके बाद रात में ही उसका अंतिम संस्कार कर दिया गया।
अभी तक परिवार के लोगों ने कोई शिकायती पत्र नहीं दिया है। एक वीडियो वायरल हो रहा है, जो मिला है अगर शिकायती पत्र मिलता है तो जांच कर आवश्यक कार्रवाई कराई जाएगी।




टिप्पणियाँ
एक टिप्पणी भेजें