शिक्षकों की समस्याओं के समाधान को सड़क से सदन एवं न्यायालय तक लड़ने को संगठन प्रतिबद्ध : संजीव

 मुख्यमंत्री को संबोधित ज्ञापन सिटी मजिस्ट्रेट एवं सीओ सिटी को सौंपा 

बदायूं। उत्तर प्रदेशीय प्राथमिक शिक्षक संघ के पदाधिकारियों ने बुधवार को शिक्षकों की लंबित समस्याओं के निराकरण के लिये बीएसए कार्यालय में धरना प्रदर्शन किया। इसके बाद 12 सूत्रीय मुख्यमंत्री को संबोधित ज्ञापन सिटी मजिस्ट्रेट सुमित कुमार एवं सीओ सिटी सुमेध मिलिंद जादव को दिया।

प्राथमिक शिक्षक संघ के जिलाध्यक्ष संजीव शर्मा ने कहा कि 12 सूत्रीय मांगों का निराकरण जल्द नहीं किया जाता है तो संगठन इस लड़ाई को सड़क से लेकर सदन और न्यायालय तक लड़ने के लिए प्रतिबद्ध है। जिलाध्यक्ष ने प्रदेश सरकार द्वारा शिक्षकों एवं उनके आश्रितों को दी गई कैशलेस चिकित्सा सुविधा का स्वागत करते हुये आभार व्यक्त किया। दहगवां ब्लॉक अध्यक्ष दामोदर सिंह यादव ने शिक्षकों से एकजुट होकर संघर्ष करने का आवाहन किया। बिसौली ब्लॉक मंत्री अनुज शर्मा ने एक अप्रैल 2005 के बाद नियुक्त शिक्षकों के लिए नई पेंशन प्रणाली समाप्त कर पुरानी पेंशन योजना बहाल करने और एक अप्रैल 2005 से पूर्व चयनित शिक्षकों को भी इसका लाभ दिया जाने की मांग की। जगत ब्लॉक अध्यक्ष डॉ. पंकज पाठक ने 27 जुलाई 2011 से पूर्व नियुक्त शिक्षकों को टीईटी उत्तीर्ण करने की बाध्यता से मुक्त रखने के लिए विधानसभा से प्रस्ताव पारित कर केंद्र सरकार को भेजे जाने को मांग की। इस्लामनगर अध्यक्ष शैलेंद्र सिंह राघव ने कहा कि प्राथमिक एवं उच्च प्राथमिक विद्यालयों में प्रधानाध्यापक पद पर गैर टीईटी शिक्षकों को भी शीघ्र पदोन्नति दी जाये। उझानी ब्लॉक अध्यक्ष अरविंद दीक्षित ने 12 वर्ष की सेवा पूर्ण करने वाले शत प्रतिशत शिक्षकों को प्रोन्नत वेतनमान दिये जाने की बात रखी। सलारपुर ब्लॉक अध्यक्ष सुरेंद्र सिंह पटेल ने कहा कि शिक्षकों की नियुक्ति एवं वेतन लगने के समय पूर्व में बहुस्तरीय सत्यापन हो चुके हैं तो सभी शिक्षकों के प्रमाण पत्रों की एसटीएफ द्वारा पुनः जांच के आदेश पर रोक लगाने की मांग की।

जिला मंत्री उदयवीर सिंह यादव ने कहा कि वर्तमान में शिक्षकों को शासन एवं विभागीय स्तर से विभिन्न प्रकार की मानसिक प्रताड़नायें दी जा रही है, इन पर तुरंत रोक लगे। जिला मीडिया प्रभारी आयुष भारद्वाज ने विशेष श्रेणी के लंबित अंतरजनपदीय स्थानांतरण की सूची शीघ्र जारी करने एवं सुदूर जनपदों से आकर जनपद में कई वर्षों से सेवाएं दे रहे शिक्षकों के लिये सामान्य अंतरजनपदीय स्थानांतरण प्रतिवर्ष किए जाने की मांग की।

इस मौके पर जिला मंत्री उदयवीर यादव, जिला कोषाध्यक्ष सुशील चौधरी, कादरचौक ब्लॉक अध्यक्ष बृजेश यादव, समरेर ब्लॉक अध्यक्ष संजय यादव, उसावां ब्लॉक अध्यक्ष रामसेवक वर्मा, वजीरगंज ब्लॉक अध्यक्ष सलमान खान, आसफपुर ब्लॉक अध्यक्ष यतेंद्र निवास शर्मा, म्याऊं ब्लॉक अध्यक्ष राजेश कुमार, बिसौली ब्लॉक मंत्री अनुज शर्मा मौजूद थे।

टिप्पणियाँ

इस ब्लॉग से लोकप्रिय पोस्ट

आबिद रज़ा ने 1 जनवरी को अजमेर शरीफ दरगाह में लगाई हाजरी, चादरपोशी कर मांगी अमन चैन की दुआ