कारतूस तस्करी के मुख्य आरोपी को लेकर बदायूं पहुंची हरियाणा एसटीएफ की टीम 

 बिहार से हरियाणा तक नेटवर्क फैले होने की आशंका


बदायूं,। हरियाणा में 25 हजार कारतूस के साथ पांच लोगों की गिरफ्तारी के छह दिन बाद मंगलवार को हरियाणा एसटीएफ की टीम मुख्य आरोपी को रिमांड पर लेकर बदायूं पहुंची। दो नवंबर को हरियाणा के रोहतक-दिल्ली हाईवे स्थित रोहड़ टोल प्लाजा पर हुई गिरफ्तारी का तीन नवंबर को खुलासा किया गया था।

अब एसटीएफ ने सिविल लाइंस और कोतवाली पुलिस के साथ आरोपी के घर पहुंचकर पूछताछ की। करीब एक घंटे तक चली पूछताछ में कारतूसों की सप्लाई और इस नेटवर्क से जुड़े लोगों के बारे में जानकारी जुटाई गई। दो नवंबर को रोहड़ टोल प्लाजा पर हरियाणा एसटीएफ ने दो कारों को रोककर तलाशी ली थी। दोनों कारों में सवार पांच लोगों के कब्जे से करीब 25 हजार कारतूस बरामद हुए थे। आठ मोबाइल फोन और दोनों कारें भी एसटीएफ ने अपने कब्जे में ली थी। पकड़े गए आरोपियों में बदायूं गन हाउस का संचालक अफीउद्दीन उर्फ बॉबी उर्फ मुन्ना, असीम रईस, सबलू खान, अरबाज अली और जीनत शामिल हैं।

मंगलवार को हरियाणा एसटीएफ ने सिविल लाइंस और कोतवाली पुलिस को साथ लेकर लावेला चौक स्थित आरोपी के मकान पर पहुंची। टीम ने घर में मौजूद लोगों से भी पूछताछ की और कारतूसों की खरीद-फरोख्त से जुड़े सवाल किए। करीब एक घंटे तक आरोपी के घर पर पूछताछ चली। इस दौरान टीम ने यह जानने की कोशिश की कि कारतूस कहां से खरीदे गए थे। उनकी आपूर्ति किन लोगों को की जानी थी और इस पूरे कारोबार में कौन-कौन शामिल हैं। कारतूस तस्करी के मामले में बिहार, उत्तर प्रदेश और हरियाणा एसटीएफ की जांच आगे बढ़ने के साथ कई और लोगों की भूमिका सामने आ सकती है। पूछताछ के बाद हरियाणा एसटीएफ की टीम आरोपी को लेकर सिविल लाइंस थाने पहुंची।

कारतूसों की तस्करी का नेटवर्क बिहार से हरियाणा तक फैला होने की आशंका है। बिहार में करीब 19 हजार कारतूस बरामद किए गए थे, जबकि दो नवंबर को हरियाणा के रोहड़ टोल प्लाजा पर दो कारों से 25 हजार कारतूस पकड़े गए थे। हरियाणा के सिरसा से कारतूसों की खेप बदायूं लाई जा रही थी। बिहार, उत्तर प्रदेश और हरियाणा एसटीएफ कारतूस तस्करी के नेटवर्क की कड़ियां जोड़ने में जुटी हैं। जांच एजेंसियां पड़ताल कर रही हैं कि बदायूं में इतनी बड़ी मात्रा में अवैध कारतूस कैसे पहुंच रहे थे। उनकी खपत कहां हो रही थी।

हरियाणा में कारतूसों के साथ पांच लोगों की गिरफ्तारी के बाद बदायूं में भी पुलिस ने कार्रवाई की थी। सीओ सिटी सुमेध मिलिंद जाधव के नेतृत्व में सिविल लाइंस कोतवाली पुलिस ने लावेला चौक स्थित संचालक के मकान और रोडवेज स्थित बदायूं गन हाउस पर छापेमारी की थी। करीब छह घंटे की तलाशी में .315 बोर की रायफल, 12 बोर की पोनिया, 40 कारतूस और 738 खोखा कारतूस बरामद हुए थे। दोनों असलहों के लाइसेंस की वैधता समाप्त मिली थी। इस पर संचालक के खिलाफ मुकदमा दर्ज कराया गया था और बदायूं गन हाउस सील कराया गया था।

टिप्पणियाँ

इस ब्लॉग से लोकप्रिय पोस्ट

आबिद रज़ा ने 1 जनवरी को अजमेर शरीफ दरगाह में लगाई हाजरी, चादरपोशी कर मांगी अमन चैन की दुआ