हज़रत पुर रामगंगा पुल के पास मिला किशोर का शव, गोली मारकर हत्या


बदायूं। प्रेम प्रसंग के शक में किशोर की गोली मारकर हत्या कर दी गई। मंगलवार की सुबह उसका शव रामगंगा पुल के पास खेत में मिला था। मामले में किशोरी के पिता, भाई और मां के खिलाफ हत्या की रिपोर्ट दर्ज की गई है।

हजरतपुर थाना क्षेत्र में रामगंगा पुल के पास मंगलवार सुबह अनुराग सिंह उर्फ पीयूष का शव मिला। हजरतपुर निवासी पिंटू सिंह का 17 वर्षीय बेटा अनुराग सोमवार शाम चार बजे बाइक लेकर घर से निकला था, इसके बाद वह घर नहीं लौटा। परिजन उसकी तलाश कर रहे थे। मोबाइल पर संपर्क नहीं हो रहा था। मंगलवार सुबह पुलिस को रामगंगा पुल के पास उसका शव मिला। पास में ही बाइक, मोबाइल, तमंचा, सिगरेट का डिब्बी और बीयर की केन मिली।

 पिता पिंटू ने गांव के रामसरन, उसकी पत्नी निर्मला, बेटे निगम उर्फ हमसफर और बेटी पर बेटे की गोली मारकर हत्या करने का आरोप लगाया। उनकी तहरीर पर चारों के खिलाफ हत्या की रिपोर्ट दर्ज की गई है।

पिंटू सिंह का कहना है कि गांव के राम सरन की बेटी ने पहले उनके बेटे अनुराग के खिलाफ एससी-एसटी एक्ट के तहत झूठी तहरीर दी थी। इसके बाद परिवार पर मुकदमे में फंसाने का दबाव बनाया गया। विवाद खत्म करने के लिए एक लाख रुपये देकर समझौता किया गया था। पिंटू का आरोप है कि रकम लेने के बाद भी दूसरे पक्ष की नाराजगी कम नहीं हुई। उनका कहना है कि राम सरन का परिवार किसी के भड़काने पर बेटे और अपनी बेटी के बीच अवैध संबंध होने का शक करने लगा था। इसी शक को दोनों परिवारों के बीच तनाव की वजह बताया जा रहा है।


बिना पंचायतनामा के पोस्टमार्टम को भेजा शव

अनुराग का शव मिलने के बाद पुलिस ने फोरेंसिक टीम से घटनास्थल की जांच कराई। इसके बाद शव को बिना पंचायतनामा की कार्रवाई पूरी किए पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया गया। इस पर परिजनों ने नाराजगी जताई। हालांकि पुलिस का कहना था कि गांव में कानून व्यवस्था और शांति बनाए रखने के उद्देश्य से शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेजा गया था।


दो भाइयों में छोटा था अनुराग

अनुराग दो भाइयों में सबसे छोटा था। घरवालों के मुताबिक, अनुराग मिलनसार स्वभाव का था। वह नोएडा में नौकरी करता था और दीपावली पर घर आया था। परिजनों का कहना है कि अनुराग नशा नहीं करता था। ऐसे में शव के पास बीयर की केन और सिगरेट का डिब्बा मिलने की बात उन्हें गले नहीं उतर रही है।

घर में त्योहार की तैयारियों की जगह मातम पसरा है। पांचों बहनों का रो-रोकर बुरा हाल है।


टिप्पणियाँ

इस ब्लॉग से लोकप्रिय पोस्ट

आबिद रज़ा ने 1 जनवरी को अजमेर शरीफ दरगाह में लगाई हाजरी, चादरपोशी कर मांगी अमन चैन की दुआ