पिकअप और बाइक की आमने सामने भिड़ंत, एक की मौत, चार घायल,
नहीं पहुंची एबुलेंस, घायलों को निजी वाहन से पहुंचाया अस्पताल
बिल्सी। पिकअप और बाइक की आमने-सामने टक्कर में बाइक सवार युवक की मौके पर ही मौत हो गई, जबकि पिकअप सवार चार लोग घायल हो गए। टक्कर इतनी जोरदार थी कि पिकअप सड़क किनारे खाई में पलट गई। पुलिस ने घायलों को अस्पताल पहुंचाया और शव पोस्टमार्टम को भेजा।
हादसा बिल्सी कोतवाली क्षेत्र के दिधौनी-जरसैनी मार्ग पर मंगलवार को जरसैनी गांव के पास हुआ। मुजरिया थाना क्षेत्र के महमूदपुर गांव के रहने वाले धर्मेंद्र उर्फ भूरा 22 वर्ष पुत्र योगेंद्र सिंह अपनी बाइक से बिल्सी आ रहा था। वह जरसैनी गांव में अपनी ननिहाल से निकला था। इसी दौरान ढढूंमर गांव निवासी लोग पिकअप से नानकमत्ता में दर्शन करने के बाद अपने गांव लौट रहे थे। रास्ते में पिकअप और बाइक की आमने-सामने भिड़ंत हो गई।
टक्कर इतनी तेज थी कि पिकअप अनियंत्रित होकर सड़क किनारे खाई में पलट गई। हादसे में बाइक चालक धर्मेंद्र की मौके पर ही मौत हो गई, जबकि पिकअप में सवार शकुंतला देवी, शीला देवी, पप्पू और मुकेश घायल हो गए।
बिल्सी पुलिस ने घायलों को अस्पताल पहुंचाने की व्यवस्था की और युवक के शव को कब्जे में लिया। ग्रामीणों का आरोप है कि उन्होंने काफी देर तक एंबुलेंस के लिए फोन किया, लेकिन एंबुलेंस मौके पर नहीं पहुंची। पुलिस ने घायलों को निजी वाहन से बिल्सी के सरकारी अस्पताल भिजवाया। युवक के शव को भी पुलिस अपने वाहन से पोस्टमार्टम के लिए ले गई।
इस संबंध में बिल्सी कोतवाली प्रभारी मनोज कुमार सिंह ने बताया कि शव को पोस्टमार्टम के लिए भेजा गया है। घायलों को अस्पताल में भर्ती कराया गया है।

टिप्पणियाँ