परिषदीय विद्यालयों की बिजली काटने पर शिक्षक संघ नाराज, आंदोलन की चेतावनी
बदायूं। जिले के परिषदीय विद्यालयों में स्मार्ट मीटर लगाने के नाम पर विद्युत निगम के अधिकारियों और कर्मचारियों द्वारा शिक्षकों पर कथित रूप से अनुचित दबाव बनाए जाने और कई विद्यालयों के बिजली कनेक्शन काटने का मामला तूल पकड़ने लगा है। उत्तर प्रदेशीय प्राथमिक शिक्षक संघ ने इस पर कड़ी नाराजगी जताते हुए विद्युत विभाग के अधिकारियों को आंदोलन की चेतावनी दी है।
संघ के जिलाध्यक्ष एवं टीचर्स फेडरेशन ऑफ इंडिया के राष्ट्रीय सचिव संजीव शर्मा ने जारी प्रेस नोट में कहा कि विद्युत कर्मियों द्वारा स्मार्ट मीटर लगाने के लिए उच्चाधिकारियों के लिखित आदेश मांगने पर शिक्षकों के साथ अमर्यादित व्यवहार किया जा रहा है। आरोप है कि विद्युत कर्मचारी तानाशाही रवैया अपनाते हुए कई प्राथमिक और उच्च प्राथमिक विद्यालयों के बिजली कनेक्शन काट चुके हैं। बिजली आपूर्ति बंद होने से विद्यालयों में स्मार्ट क्लास, ऑनलाइन शिक्षण, डिजिटल उपस्थिति और कार्यालयी कार्य प्रभावित हो रहे हैं। इतना ही नहीं, पेयजल व्यवस्था भी ठप हो गई है। इससे मध्याह्न भोजन तैयार करने और शौचालयों के इस्तेमाल में भी दिक्कतें आ रही हैं। सीडीओ से जिम्मेदारों पर कार्रवाई की मांग की है।

टिप्पणियाँ