किसानों को 50 फीसदी अनुदान पर मिलेगा गेहूं का बीज
बदायूं। कृषि विभाग की ओर से किसानों को 50 फीसदी अनुदान पर जिले के राजकीय कृषि बीज भंडारों से उन्नत किस्मों का गेहूं का बीज मुहैया कराया जा रहा है। कृषि विभाग में पंजीकृत इच्छुक किसान बुकिंग कराकर बीज प्राप्त कर सकते हैं।
कृषि विभाग द्वारा उपलब्ध कराये जाने वाले गेहूं में डीबीडब्ल्यू 187, डीबीडब्ल्यू 303, डीबीडल्यूडी 327 किस्म का बीज शामिल है। विभाग के पास आधारीय एवं प्रमाणित बीज उपलब्ध है। प्रमाणित गेहूं बीज 4,738 रुपये प्रति कुंतल एवं आधारित बीज का 4,991 रुपये प्रति कुंतल रेट तय है, लेकिन किसानों को इन निर्धारित दरों का केवल 50 प्रतिशत हिस्सा ही भुगतान करना होगा, जबकि शेष 50 प्रतिशत राशि बतौर अनुदान सरकार द्वारा वहन की जाएगी। कृषि विभाग के अधिकारियों के अनुसार अनुदान पर गेहूं का बीज लेने के लिये किसानों का कृषि विभाग के पोर्टल पर पंजीकृत होना जरूरी है। पंजीकृत किसान ऑनलाइन बीज की बुकिंग कर सकते हैं। पोर्टल पर बुकिंग के बाद प्रत्येक सप्ताह सोमवार, शुक्रवार को टोकन कंफर्म किये जाते हैं।

टिप्पणियाँ