बदायूं मेरी जन्मभूमि, यहां के लोगों की सेवा करना ही मेरा मकसद : हाजी रईस अहमद 

 बदायूं। विधानसभा चुनाव 2027 की तैयारियों के बीच बदायूं सदर सीट पर समाजवादी पार्टी की ओर से दावेदारी को लेकर राजनीतिक गतिविधियां तेज होने लगी हैं। इसी क्रम में वर्ष 2022 में सपा के टिकट पर सदर विधानसभा सीट से चुनाव लड़ चुके हाजी रईस अहमद एक बार फिर अपनी दावेदारी को लेकर सक्रिय नजर आ रहे हैं। उनके द्वारा आयोजित दीपावली मिलन समारोह में बड़ी संख्या में लोगों की मौजूदगी को भी राजनीतिक हलकों में अहम माना जा रहा है। समारोह के जरिए उन्होंने सामाजिक जुड़ाव के साथ अपनी राजनीतिक सक्रियता का भी संदेश दिया।

हमारे प्रतिनिधि से बातचीत में हाजी रईस अहमद ने कहा कि बदायूं उनकी जन्मभूमि है और वह यहां के लोगों की सेवा करना चाहते हैं। उन्होंने कहा कि पिछले विधानसभा चुनाव में सभी वर्गों के लोगों ने उन्हें समर्थन और वोट दिया था। जनता ने उन्हें करीब 90 हजार वोट देकर जो प्यार और सम्मान दिया, वह उसे कभी नहीं भूल सकते। हार-जीत चुनाव का हिस्सा है, लेकिन बदायूं की जनता ने उन्हें जो अपनापन दिया, वह उनके लिए सबसे बड़ी बात है। उन्होंने कहा कि उनका बदायूं से रिश्ता केवल राजनीति तक सीमित नहीं है, बल्कि यह उनकी जन्मभूमि है। वह यहां के लोगों के बीच रहकर उनके हितों के लिए काम करना चाहते हैं। उनका प्रयास रहेगा कि सभी वर्गों के लोगों को साथ लेकर बदायूं के विकास और जनहित के मुद्दों पर काम किया जाए।

एक सवाल के जवाब में उन्होंने समाजवादी पार्टी की पिछली सरकार के कार्यकाल का जिक्र करते हुए पूर्व मुख्यमंत्री अखिलेश यादव की तारीफ करते हुए कहा कि अखिलेश यादव के कार्यकाल में विद्यार्थियों को लैपटॉप वितरण सहित विकास के कई महत्वपूर्ण कार्य हुए थे। उन्होंने कहा कि समाजवादी पार्टी की सरकार ने विकास के क्षेत्र में कई ऐसे काम किए, जिनका लाभ सभी वर्ग के लोगों को मिला।

 उन्होंने विश्वास जताते हुए कहा कि अखिलेश यादव उत्तर प्रदेश के मुख्यमंत्री पद की शपथ लेंगे और हम सब मिलकर उनके साथ काम करेंगे। 

जब उनसे पूंछा गया कि सदर सीट पर सपा का टिकट उन्हें मिलेगा तो बेबाकी से जवाब दिया कि यह पार्टी नेतृत्व का फैसला होगा, उन्होंने स्पष्ट किया कि पार्टी का हर निर्णय सर्वोपरि होगा और सभी मिलकर बदायूं के विकास व जनकल्याण के लिए समर्पित रहेंगे।

 लेकिन हाजी रईस अहमद ने अपनी बात और इरादे जाहिर कर दिए हैं। ऐसे में आने वाले दिनों में सदर विधानसभा सीट पर सपा की टिकट की दौड़ और दिलचस्प होने के आसार हैं।


टिप्पणियाँ

इस ब्लॉग से लोकप्रिय पोस्ट

आबिद रज़ा ने 1 जनवरी को अजमेर शरीफ दरगाह में लगाई हाजरी, चादरपोशी कर मांगी अमन चैन की दुआ