त्रिदिवसीय स्काउट प्रशिक्षण शिविर का रंगारंग सांस्कृतिक कार्यक्रमों और पुरस्कार वितरण के साथ समापन
वीर शिरोमणि महाराणा प्रताप और रानी लक्ष्मी बाई कंपनी संयुक्त रूप से बनीं ओवरऑल चैंपियन
बिसौली : संविलयन विद्यालय हर्रायपुर में भारत स्काउट गाइड संस्था के तत्वावधान में चल रहे त्रिदिवसीय स्काउट प्रशिक्षण शिविर का रंगारंग सांस्कृतिक कार्यक्रमों और पुरस्कार वितरण के साथ समापन हुआ। स्काउट गाइड ने तंबुओं का शहर बसाया। विजेता टोलियों को सम्मानित किया गया।
मुख्य अतिथि खंड शिक्षा अधिकारी राजेंद्र प्रसाद ने तंबुओं के शहर का निरीक्षण किया। उन्होंने कहा कि दृढ़ इच्छाशक्ति, निरंतर परिश्रम और अनुशासन से ही जीवन में ऊंचाइयां प्राप्त होती हैं। युवा यदि लक्ष्य के प्रति समर्पित रहें, तो कोई भी बाधा उन्हें आगे बढ़ने से नहीं रोक सकती।
विशिष्ट अतिथि वन क्षेत्राधिकारी मनोज पाल सिंह ने कहा कि संकल्पशील युवा इतिहास रचने की क्षमता रखते हैं। देशभक्ति, सकारात्मक सोच और सेवा भाव से ही समाज और राष्ट्र सशक्त बनता है।
पूर्व जिला ट्रेनिंग कमिश्नर संजीव कुमार शर्मा ने कहा कि युवाशक्ति राष्ट्र की अमूल्य धरोहर हैं। श्रेष्ठ चिंतन और पवित्र आचरण राष्ट्र को विश्व गुरु बनाएगा।
स्काउट वर्ग में वीर शिरोमणि महाराणा प्रताप टोली प्रथम, नेताजी सुभाष चंद्र बोस टोली द्वितीय, सरदार भगत सिंह टोली तृतीय स्थान पर रही। गाइड वर्ग में रानी लक्ष्मीबाई कंपनी प्रथम, अरुणिमा सिंह और कल्पना चावला कंपनी द्वितीय जबकि रानी दुर्गावती कंपनी तृतीय स्थान पर रही। इससे पूर्व प्रधानाध्यापक कुंवरसेन ने स्काउट ध्वज फहराकर कार्यक्रम का शुभारंभ कराया। विजेता टोलियों की घोषणा की।
मुख्य अतिथि राजेंद्र प्रसाद, मनोज पाल सिंह, पुष्पेंद्र गंगवार, प्रधानाध्यापक कुंवरसेन ने विजयी टोलियों को प्रतीक चिन्ह और प्रमाण पत्र देकर सम्मानित किया। शिक्षिका चित्रा के मार्गदर्शन में बच्चों ने कैंप फायर के दौरान सांस्कृतिक कार्यक्रमों की शानदार प्रस्तुति दी। इस मौके पर शिक्षक उमेश चंद्र, राजीव, हिमानी वार्ष्णेय, हेमलता, अंजुम बुशरा आदि मौजूद रहे।



