बाबा बर्फानी का 20वां रुद्राभिषेक व विशाल भंडारा बिरुआबाड़ी मंदिर में 30 को
श्री शिव शक्ति मानव सेवा समिति श्री अमरनाथ यात्रा जम्मू कश्मीर में 20 वां भंडारा लगाने को तैयार
बदायूं। श्री शिव शक्ति मानव सेवा समिति रजि० बदायूं द्वारा अमरनाथ यात्रा में 20 वां भंडारा लगाने से पूर्व दिनांक 30 मार्च 2026 सोमवार को बिरुआ बाड़ी मंदिर बदायूं में भोले नाथ बाबा बर्फानी का रुद्राभिषेक एवं विशाल भंडारे का आयोजन किया जाएगा। यह जानकारी देते हुए समिति के जनरल सेक्रेटरी डॉ० शमसुद्दीन शम्स ने बताया की विगत 19 वर्षों की भांति इस वर्ष बीसवीं बार भी श्री अमरनाथ जी की पवित्र यात्रा में भंडारे का आयोजन करने से पूर्व 30 मार्च सोमवार को बिरुआबाड़ी मंदिर बदायूं में संस्था की ओर से बाबा बर्फानी का रुद्राभिषेक प्रातः 10:00 बजे से 1:00 तक किया जाएगा तदोपरांत दोपहर 1:00 बजे से प्रभु इच्छा तक विशाल भंडारे का आयोजन किया जाएगा।
संस्था प्रधान सेवादार तुषार पाराशरी ने बताया कि यह कार्यक्रम संस्था के मुख्य यजमानों एवं संस्था के सदस्यों के सहयोग से संपन्न होता है। उन्होंने कहा कि श्री शिव शक्ति मानव सेवा समिति विगत 19 वर्षों से लगातार अमरनाथ यात्रा के दौरान जम्मू कश्मीर के बालटाल में भंडारा लगाने का कार्य करती आ रही है और प्रत्येक वर्ष अमरनाथ की यात्रा में जाने से पूर्व जनपद बदायूं में बाबा भोलेनाथ का रुद्राभिषेक और भंडारे का आयोजन करती रही है।उन्होंने सभी शिवभक्तों से अधिक से अधिक संख्या में उक्त कार्यक्रम में आने का अनुरोध किया है।
वहीं समिति संस्थापक/अध्यक्ष संजय पाराशरी ने बताया कि डॉ शम्स बदायूंनी और तुषार पाराशरी के संयुक्त प्रयास से और सभी के सहयोग से समिति लगातार बीस वर्षों से भक्तजनो के विश्वास पर खरा उतरते हुए कार्य कर रही है। भंडारे में जनपद के अलावा अन्य जनपदों व प्रदेशों से भी भक्तगण शामिल होंगे।



टिप्पणियाँ
एक टिप्पणी भेजें