सोमवार को पूजन के बाद किया गया होलिका दहन
आज दोपहर तीन बजे लगेगा चंद्रग्रहण
बदायूं। चंद्रग्रहण केे चलते जिलेभर में सोमवार रात को कुछ जगह होलिका दहन किया गया। कुछ जगह मंगलवार रात तो कुछ जगह बुधवार सुबह होलिका दहन किया जाएगा। वहीं, हर कोई होली की मस्ती में झूम रहा है। बुधवार को अबीर गुलाल उड़ाकर होली खेली जायेगी।
जनपद में 2275 स्थानों पर होलिका स्थापित की गई है। सोमवार को दिनभर होलिका दहन को लेकर घरों से चौराहों तक तैयारियां चली। घरों में पकवान बनाए गए। कुछ जगह शाम को पूजन के बाद होलिका का दहन किया गया। हालांकि, होलिका दहन का मुहूर्त शाम 6 बजकर 22 मिनट से लेकर रात 8 बजकर 53 मिनट तक ही रहा। शहर के इंदिरा चौक पर समस्त रामनाथ कॉलोनीवासियों द्वारा होलिका पर हवन कराया गया। होलिका दहन के बाद लोगों ने एक-दूसरे को गले मिलकर होली की मुबारकबाद दी। लोग होलिका की आग लेकर घर आये और बिलगुरियों से होलिका का दहन किया। इसके साथ ही अग्नि के फेरे लेते हुए भजन गाये गये। घर-घर में ऐसा नजारा देखने को मिला है। वही लोग छूट गए जो आज होलिका का दहन करेंगे।
आज तीन बजे से लगेगा चंद्रग्रहण
मंगलवार दोपहर तीन बजे चंद्रग्रहण लगेगा। इसलिए सुबह नौ बजे से सूतक लग जायेगा और छह घंटे बाद तक सूतक रहेगा। इसी के चलते जिले में कुछ जगह दो मार्च को होलिका दहन किया गया है। वहीं, कुछ लोग तीन मार्च की रात को होलिका दहन करेंगे। चार मार्च को रंग खेला जाएगा।

