लिफ्ट देने के बहाने बाइक सवारों ने युवक से की लूटपाट

बिसौली। लिफ्ट देने के बहाने दो बाइक सवार युवकों ने युवक को सुनसान रास्ते पर ले जाकर उससे 5250 रुपये, मोबाइल फोन और मक्का का बीज लूट लिया। वारदात के बाद आरोपी मौके से फरार हो गए। पीड़ित की तहरीर पर पुलिस ने मुकदमा दर्ज कर मामले की जांच पड़ताल शुरू कर दी है।

मामला बिसौली कोतवाली के शेखपुरा मंदिर के पास गंगा एक्सप्रेस वे अंडरपास के पास का है। कोतवाली क्षेत्र के गांव फिरोजपुर के रहने वाले बॉबी पाठक पुत्र नरेंद्र पाठक ने पुलिस को दिए शिकायती पत्र में बताया कि वह पांच मार्च को अपनी बहन की ससुराल गांव करीमपुर कोतवाली बहजोई संभल से अपने घर लौट रहे थे। रास्ते में फैजगंज बेहटा क्षेत्र में बने एक कोल्ड स्टोर पर रुककर उन्होंने परिचित सोनू से पांच हजार रुपये लिए और बिसौली जाने के लिए सवारी का इंतजार करने लगे। इसी दौरान वहां से गुजर रहे दो बाइक सवार युवकों को हाथ देकर रोका और उनसे बिसौली तक छोड़ने की बात कही। दोनों युवकों ने उन्हें अपनी बाइक पर बैठा लिया और बिसौली की ओर चल पड़े। बॉबी ने बताया कि बिसौली पहुंचने के बाद दोनों युवक उसे गांव कोट तक छोड़ने का झांसा देकर आगे ले गए। सिचौली होते हुए शेखपुरा मंदिर के पास गंगा एक्सप्रेस वे अंडरपास पार करने के बाद कच्चे रास्ते पर उन्होंने बाइक रोक दी। आरोप है कि दोनों युवकों ने उसे नीचे उतारकर मारपीट की और उसके लोवर की जेब में रखे 5250 रुपये, मोबाइल फोन व थैले में रखा करीब नौ किलो मक्का का बीज लूट लिया। घटना के बाद दोनों आरोपी मौके से फरार हो गए। बॉबी ने बताया कि सामने आने पर वह दोनों युवकों को पहचान सकता है। पुलिस ने तहरीर के आधार पर मुकदमा दर्ज कर मामले की जांच पड़ताल शुरू कर दी है।

इस ब्लॉग से लोकप्रिय पोस्ट

आबिद रज़ा ने 1 जनवरी को अजमेर शरीफ दरगाह में लगाई हाजरी, चादरपोशी कर मांगी अमन चैन की दुआ