प्रशासन की सख्ती : दोहरे हत्याकांड के आरोपी की राशन की दुकान निरस्त, छह दुकानें भी खाली कराईं
बदायूं। एचपीसीएल प्लांट में डीजीएम सुधीर गुप्ता और डिप्टी मैनेजर हर्षित मिश्रा की हत्या के आरोपी अजय प्रताप सिंह के जेल भेजे जाने के बाद प्रशासनिक कार्रवाई का दायरा बढ़ा दिया गया है। इसी क्रम में सैजनी गांव में उसकी मां किरण देवी के नाम से चल रही सरकारी राशन दुकान को निरस्त कर दिया गया। साथ ही गांव में अतिक्रमण कर बनाई गई छह दुकानों को प्रशासन ने खाली करवा लिया है।
सैजनी स्थित एचपीसीएल प्लांट में हुए चर्चित डबल मर्डर के बाद प्रशासन ने सख्त रुख अपनाया है। आरोपी की गिरफ्तारी और जेल भेजे जाने के तुरंत बाद उसके परिवार और उनसे जुड़ी व्यवस्थाओं की जांच शुरू कर दी गई। दातागंज एसडीएम धर्मेंद्र सिंह ने बताया कि आरोपी की मां किरण देवी के नाम से चल रही सरकारी राशन दुकान को निरस्त किया गया। इसके साथ ही प्रशासनिक टीम ने गांव में सरकारी जमीन पर अतिक्रमण कर बनाई गई छह दुकानों को खाली कराया। अधिकारियों ने बताया कि ये सभी दुकानें अवैध तरीके से बनाई गई थीं और जल्द ही इन्हें बुलडोजर के माध्यम से पूरी तरह हटाया जाएगा। प्रशासन का कहना है कि इस कार्रवाई से न केवल आरोपी के परिवार पर संदेश जाएगा, बल्कि इलाके में कानून और व्यवस्था को मजबूत करने में भी मदद मिलेगी। फिलहाल प्रशासन ने आरोपियों के परिवार से जुड़े अन्य मामलों की भी जांच शुरू कर दी है और आगे की कार्रवाई के लिए तैयारियां की जा रही हैं।

टिप्पणियाँ
एक टिप्पणी भेजें