आज जिले के 15 केंद्रों पर सीसीटीवी की निगरानी में दो दिन चार पालियों में होगी पुलिस भर्ती परीक्षा
बदायूं। उप निरीक्षक पुलिस भर्ती परीक्षा से संबंधित सभी तैयारियां शुक्रवार के लिए पूर्ण कर ली गयीं। परीक्षा आज और कल दो दिन शहर के 15 केंद्रों पर आयोजित है। परीक्षा में अलग-अलग चार पालियों में 17,280 अभ्यर्थी शामिल होंगे। परीक्षा सीसीटीवी की निगरानी में कराई जायेगी।
उप निरीक्षक पुलिस भर्ती परीक्षा के लिए गिंदो देवी महिला महाविद्यालय, हाफिज सिद्दीकी इस्लामिया इंटर कॉलेज, केदारनाथ महिला इंटर कॉलेज, महात्मा गांधी पालिका इंटर कॉलेज उझानी, दास डिग्री कॉलेज, नगर पालिका कन्या इंटर कॉलेज, पार्वती आर्य कन्या इंटर कॉलेज, राजकीय इंटर कॉलेज, राजकीय कन्या इंटर कॉलेज, राजाराम महिला इंटर कॉलेज, राजकीय महाविद्यालय, राजकीय पॉलिटेक्निक, राजकीय महिला महाविद्यालय, श्री कृष्ण इंटर कॉलेज, सिगलर गर्ल्स इंटर कॉलेज को परीक्षा केंद्र बनाया गया है।
इन केंद्रों पर 14 एवं 15 मार्च को दो पालियों में परीक्षा आयोजित है। प्रथम पाली की परीक्षा प्रातः 10 बजे शुरू होकर दोपहर 12 बजे एवं द्वितीय पाली की परीक्षा अपराह्न तीन बजे शुरू होकर शाम पांच बजे संपन्न होगी। परीक्षा की अवधि दो घंटा निर्धारित है। प्रत्येक पाली में कुल 4,320 अभ्यार्थियों को शामिल होना है। दो दिन आयोजित परीक्षा में चार पालियों में कुल 17,280 अभ्यर्थी शामिल होंगे। परीक्षा का शांतिपूर्ण ढंग से संपन्न कराने के लिए 393 पुलिसकर्मियों की ड्यूटी लगाई गई है।
परीक्षा शुरू होने के दो घंटे पहले अभ्यार्थियों को प्रवेश मिलना शुरू हो जायेगा और आधा घंटे पहले गेट बंद कर दिया जायेगा। इसके बाद किसी को प्रवेश नहीं मिलेगा। परीक्षा में शामिल होने वाले अभ्यार्थियों को किसी भी तरह का डिजीटल डिवाइस लेकर नहीं जाना है।
परीक्षा के दौरान वैवाहिक बंधन को व्यक्त करने वाले आभूषण नहीं उतरवाये जायेंगे, लेकिन उनकी गेट पर प्रवेश के दौरान बारीकी से जांच की जायेगी। परीक्षा के दौरान मंगलसूत्र उतरवाने का महिलायें विरोध करती थी, इस बार किसी भी महिला का मंगलसूत्र उतरवाने पर सख्त रोक है।
डीएम ने परीक्षा से जुड़े अधिकारियों के लिए परीक्षा को निष्पक्ष, पारदर्शी ,सुचिता पूर्ण व सकुशल रूप से संपन्न कराने के निर्देश दिये हैं। डीएम ने कहा कि परीक्षा केंद्रों पर परीक्षा के दौरान सीसीटीवी चालू रहें। किसी भी प्रकार की गड़बड़ी सामने आने पर सख्त कार्रवाई की जायेगी।

टिप्पणियाँ
एक टिप्पणी भेजें