आज से मुक़द्दस रमज़ान का तीसरा अशरा शुरू,मस्जिदों में शुरू होगा एतिकाफ
बदायूं। मुकद्दस रमज़ान का 20वां रोजा पूरा होने के साथ ही मंगलवार 10 मार्च से तीसरे और अंतिम अशरे का आगाज होगा। इबादत के इस खास पड़ाव को लेकर रोजेदारों में भारी उत्साह है, वहीं ईद की तैयारियों के चलते स्थानीय बाजारों में चहल-पहल तेज हो गई है।
रमजान का महीना अपने आखिरी पड़ाव पर पहुंच चुका है। मंगलवार से शुरू होने वाला तीसरा अशरा धार्मिक दृष्टि से अत्यंत महत्वपूर्ण माना जाता है, जिसे जहन्नुम की आग से निजात का काल कहा जाता है। इस दौरान रोजेदार अल्लाह की विशेष इबादत में मशगूल हो जाएंगे। मस्जिदों और घरों में खुदा की रहमत पाने के लिए दुआओं का दौर चलेगा। तीसरे अशरे की सबसे बड़ी खासियत शब-ए-कद्र की रात है। यह रात हजार महीनों से महान मानी जाती है, जिसमें जागकर इबादत करने का विशेष महत्व है। साथ ही, कई मुस्लिम इस दौरान एतकाफ में भी बैठेंगे। जैसे-जैसे महीना बीत रहा है, जनपद के बाजारों में ईद की खरीदारी परवान चढ़ रही है। कपड़ों, जूतों और सेवइयों की दुकानों पर ग्राहकों की भारी भीड़ उमड़ रही है। देर रात तक बाजार गुलजार नजर आ रहे हैं, जिससे व्यापारियों के चेहरे भी खिले हुए हैं।
रमजान के महीने में मस्जिद के एक कोने में बैठकर इबादत करने को एतिकाफ कहते हैं। ज्यादातर लोग 20वें रोजे के बाद 10 दिन का एतिकाफ करते हैं। रोजेदार 20वें रोजे की शाम को असर की नमाज के बाद मस्जिदों में एतिकाफ के लिए बैठते हैं। जिसकी तैयारियां मस्जिदों में हो चुकी हैं।
