पारिवारिक कलह से परेशान युवक ने खाया जहर, मौत
बदायूं। पारिवारिक कलह से परेशान युवक ने कथित रूप से जहरीला पदार्थ खा लिया, जिससे उसकी मौत हो गई। सूचना पर पहुंची पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेजा और मामले की जांच शुरू कर दी है। वहीं पोस्टमार्टम रिपोर्ट में मौत की वजह साफ न होने पर बिसरा सुरक्षित कर जांच के लिए भेजा गया है।
सदर कोतवाली के ब्राह्मपुर मोहल्ला के रहने शिवकुमार पुत्र लक्ष्मी नारायण नेकपुर में परचूनी की दुकान चलाते थे। रविवार शाम वह दुकान से घर लौटे, जहां पत्नी से किसी बात पर कहासुनी हो गई। इसके बाद उन्होंने जहरीला पदार्थ खा लिया। हालत बिगड़ने पर परिवार के लोग पहले स्थानीय अस्पताल ले गए, वहां से जिला अस्पताल रेफर किया गया। सुधार न होने पर राजकीय मेडिकल कॉलेज पहुंचाया गया, जहां इलाज के दौरान उनकी मौत हो गई। मेडिकल कॉलेज की सूचना पर पुलिस ने शव पोस्टमार्टम को भेज दिया। घटना के बाद पुलिस ने मामले की जांच शुरू कर दी है। परिजनों ने बताया कि शिवकुमार की शादी हो चुकी थी, लेकिन उनकी कोई संतान नहीं थी और वह दो भाइयों में छोटे थे। पोस्टमार्टम रिपोर्ट में मौत का कारण स्पष्ट न होने पर बिसरा सुरक्षित कर जांच के लिए भेजा है।
पुलिस का कहना है कि रिपोर्ट और परिजनों की शिकायत के आधार पर आगे की कार्रवाई की जाएगी।

