सूदखोरों के दबाव से परेशान युवक द्वारा खुदकुशी मामले में चार पर पर केस दर्ज

 बदायूं। सूदखोरों के दबाव से परेशान युवक द्वारा मौत से पहले वीडियो बनाकर जहरीला पदार्थ खाकर जान देने के मामले में पुलिस ने पिता-पुत्र, एक वकील सहित चार लोगों के खिलाफ मुकदमा दर्ज किया है। वीडियो में लगाए गए आरोपों की जांच शुरू कर दी गई है।

ढाक वाली जियारत मोहल्ले के रहने वाले सोनू शर्मा ने जहर खाकर जान दे दी। खुदकुशी करने से पहले उसने एक एक वीडियो बनाया। इसमें उसने वकील कौशल गुप्ता, सौरभ गुप्ता उर्फ शालू, अनिल मौर्य और सचिन मौर्य के नाम लेते हुए दावा किया था कि इन लोगों से ब्याज पर पैसे लेने के बाद उसका जीवन बोझ बन गया। सोनू ने वीडियो में बताया कि वह मूल रकम से ज्यादा रुपये लौटा चुका था, लेकिन कर्ज खत्म नहीं हुआ, बल्कि दबाव और बढ़ता गया। डेढ़ महीने से काम ठप होने और लगातार मानसिक दबाव ने उसे तोड़ दिया। उसने वीडियो में बदायूं की एसएसपी अंकित शर्मा से न्याय की गुहार लगाई थी, लेकिन इससे पहले ही उसने अपनी जिंदगी खत्म कर ली। अब पुलिस ने चारों के खिलाफ मुकदमा दर्ज कर जांच शुरू की है। वहीं, मृतक के भाई मनोज शर्मा ने बताया कि उ सोनू ने करीब चार लाख रुपये ब्याज पर उधार लिए थे, जिसे वह धीरे-धीरे चुका भी रहा था।

मूल से ज्यादा ब्याज वसूल चुके थे आरोपी : परिजनों का कहना है कि सोनू से मूल रकम से कहीं अधिक पैसा लिया जा चुका था, लेकिन हिसाब कभी खत्म नहीं हुआ। आरोप है कि उधार को जानबूझकर बढ़ाया जाता रहा और रकम चुकाने के बाद भी उसे बाकी दिखाया जाता था। इसी बहाने लगातार दबाव बनाया गया।


कर्ज खत्म नहीं हुआ, लेकिन हमारे पति खत्म हो गए: बोली पत्नी 

सोनू की पत्नी रो रोकर एक ही बात कहती नजर आई कि कर्ज खत्म नहीं हुआ, लेकिन हमारे पति खत्म हो गए। सोनू शर्मा की मौत के बाद उसकी पत्नी मोहिनी शर्मा का दर्द हर शब्द में छलकता है। वह बताती हैं कि कर्जदारों के दबाव ने उनके पति को अंदर ही अंदर तोड़ दिया था। वह पहले जैसे नहीं रहे थे, अक्सर खामोश रहते और किसी से बात करने से बचते थे। कई दिनों से वह गहरे तनाव में थे, जैसे हर पल कोई बोझ उन्हें दबा रहा हो। मोहिनी कहती हैं कि सोनू ने करीब चार लाख रुपये उधार लिए थे और वह मूलधन से ज्यादा रकम चुका चुके थे, लेकिन कर्ज खत्म होने का नाम नहीं ले रहा था।


सोनू शर्मा के आत्महत्या करने से जुड़ा एक वीडियो वायरल हुआ था। इसके बाद उसकी पत्नी की तहरीर पर चार लोगों पर मुकदमा दर्ज किया गया। एक आरोपी अनिल मौर्य को को हिरासत में लेकर पूछताछ की जा रही है। अन्य आरोपियों की गिरफ्तारी के लिए टीमों को लगाया गया है। जल्द ही तीन आरोपियों की गिरफ्तारी की जाएगी। 

-रजनीश उपाध्याय, सीओ सिटी


टिप्पणियाँ

इस ब्लॉग से लोकप्रिय पोस्ट

आबिद रज़ा ने 1 जनवरी को अजमेर शरीफ दरगाह में लगाई हाजरी, चादरपोशी कर मांगी अमन चैन की दुआ