पत्नी और सास पर जेवर हड़पने, गाली गलौज व धमकी का आरोप, केस दर्ज
बदायूं। पत्नी और सास पर जेवर हड़पने, गाली गलौज करने और झूठे मुकदमे में फंसाने की धमकी देने के मामले में न्यायालय के आदेश पर मुकदमा दर्ज किया गया है। आरोप है कि साजिश के तहत लाखों रुपये के जेवर लेकर वापस नहीं किए गए और मांगने पर अभद्रता व धमकी दी गई।
बिल्सी कोतवाली क्षेत्र के वार्ड संख्या 17 पीएनबी बैंक के सामने रहने वाले उमंगराज पुत्र अजीत कुमार ने मुख्य न्यायिक मजिस्ट्रेट के न्यायालय में प्रार्थना पत्र देकर बताया कि उनकी शादी 21 अप्रैल 2025 को रिया सक्सेना पुत्री स्व. पीसी सक्सेना निवासी शाहजहांपुर के साथ हुई थी। आरोप है कि शादी के बाद रिया सक्सेना और उसकी मां सुषमा रानी सक्सेना ने उन पर दिल्ली में नौकरी करने और परिवार की संपत्ति पर कब्जा करने का दबाव बनाया। परिवार ने समझौते के तहत रिया को नौकरी और वेतन भी दिया, लेकिन उसके व्यवहार में सुधार नहीं हुआ और वह लगातार दबाव बनाती रही। उमंगराज ने आरोप लगाया कि रिया सक्सेना और सुशुमरानी सक्सेना ने साजिश के तहत करीब 30 लाख रुपये के जेवर अपने कब्जे में ले लिए। दिसंबर 2025 में दोनों बिल्सी स्थित घर से चुपचाप जेवर निकाल ले गईं और वापस नहीं किए। जेवर मांगने पर गालीगलौज कर झूठे मुकदमे में फंसाने और जान से मारने की धमकी दी गई। कई बार शिकायत के बावजूद कार्रवाई न होने पर न्यायालय की शरण ली गई, जिसके बाद आदेश पर दोनों के खिलाफ मुकदमा दर्ज कर जांच शुरू कर दी गई है।

टिप्पणियाँ
एक टिप्पणी भेजें