गंगा में नहाने गए पांच बच्चे डूबे, एक की मौत,दो लापता, डीएम-एसएसपी पहुंचे
बदायूं। गर्मी से राहत पाने के लिए गंगा में नहाने गए पांच बच्चों में एक बच्चे की डूबने से मौत हो गई। दो बच्चों को सुरक्षित बाहर निकाल लिया गया, जबकि दो सगे भाई गहरे पानी में समा गये। उनकी तलाश में रेस्क्यू अभियान सूर्यअस्त तक जारी रहा लेकिन बच्चों का पता नहीं चल सका। घटना की जानकारी मिलने के बाद देर शाम डीएम अवनीश कुमार राय और एसएसपी अंकिता शर्मा मौके पर पहुंचे और रेस्क्यू अभियान का निरीक्षण किया।
उसहैत थाना क्षेत्र के खजुरा गांव के समीप रविवार शाम को दर्दनाक हादसा हो गया। गांव निवासी जमादार यादव के बेटे शिंकू 15 वर्ष, केशव 10 वर्ष, पिंटू आठ वर्ष और संतोष का बेटा अखिलेश 14 वर्ष व सोरन का बेटा नन्हे 16 वर्ष गर्मी से राहत पाने के लिए गंगा में स्नान करने गए थे। इसी दौरान पांचों बच्चे गहराई में चले गए और डूबने लगे, जिससे मौके पर अफरातफरी मच गई और तत्काल गोताखोरों की मदद से बचाव कार्य शुरू कराया गया। गोताखोरों और ग्रामीणों की मदद से सिंकू, नन्हे और अखिलेश को बाहर निकाला गया, लेकिन अखिलेश की मौत हो गई।
वहीं सगे भाई पिंटू और केशव अभी भी लापता हैं। सीओ उझानी सुनील कुमार ने बताया कि लापता बच्चों की तलाश के लिए लगातार रेस्क्यू अभियान चलाया जा रहा है।
मृतक अखिलेश अपने पांच भाई-बहनों में तीसरे नंबर का था और परिवार का चहेता था। उसकी मौत से पिता संतोष और परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल है। वहीं साथ गए शिंकू 15 वर्ष और नन्हे 16 वर्ष को सकुशल बचा लिया गया। लेकिन हादसे की सबसे बड़ी मार अभी बाकी है, क्योंकि दो मासूम अब भी लापता हैं। लापता बच्चों में जमादार यादव के दो बेटे केशव 10 वर्ष और पिंटू उर्फ गुड्डे 8 वर्ष शामिल हैं, जो अपने परिवार में सबसे छोटे हैं। इन दोनों के अलावा घर में तीन और बड़े भाई-बहन हैं, जिनमें सबसे बड़ा शिंकू अब सदमे में है। बच्चों की मां विमला देवी पिछले करीब 18 वर्षों से अपने मायके खजुरा में ही रह रही हैं और अब दो बेटों के एक साथ लापता होने से पूरी तरह टूट चुकी हैं। घर के बाहर रोते-बिलखते परिजन और अंदर पसरा सन्नाटा इस त्रासदी की गवाही दे रहा है। गंगा किनारे लगातार रेस्क्यू चल रहा है, लेकिन हर गुजरते घंटे के साथ परिवार की उम्मीदें कमजोर पड़ती जा रही हैं।
उसहैत के खजुरा गांव में गंगा में डूबे एक बच्चे का शव बरामद कर लिया गया है। दो बच्चों की तलाश में रेस्क्यू आपरेशन चलाया जा रहा है। आपरेशन में एसडीआरएफ टीम व स्थानीय गोताखोरों को लगाया गया है।

टिप्पणियाँ
एक टिप्पणी भेजें