दरिंदगी : छह साल की मासूम से दुष्कर्म, मुकदमा दर्ज
बदायूं। छह साल की मासूम को दावत में खाना खिलाने के बहाने ले जाकर युवक ने उसके साथ दुष्कर्म की वारदात को अंजाम दिया। घटना के बाद परिजनों में हड़कंप मच गया। सूचना पर पहुंची पुलिस ने तहरीर के आधार पर मुकदमा दर्ज कर बच्ची को मेडिकल के लिए भेजा और आरोपी की तलाश शुरू कर दी है। इस महीने में अब तक जिले में मासूमों से दरिंदगी की चौथी घटना है।
कादरचौक थाना क्षेत्र के एक गांव का मामला है। यहां के रहने वाले एक व्यक्ति ने बताया उसके साले का साला सर्वेश पुत्र पूरनलाल निवासी खेड़ा जलालपुर थाना उसहैत दावत में शामिल होने आया था। दावत के दौरान ही उसने छह साल की मासूम को खाना खिलाने के बहाने अपने साथ ले गया। आरोप है कि वहां ले जाकर उसने बच्ची के साथ दुष्कर्म किया । घटना के बाद आरोपी बच्ची को बदहवास हालत में छोड़कर मौके से फरार हो गया। हालांकि काफी समय तक किसी को घटना की जानकारी नहीं थी कि बच्ची के साथ क्या हुआ है। बच्ची किसी तरह अपने घर पहुंची और परिवार वालों को पूरी वारदात बताई, जिससे घर में हड़कंप मच गया। इसके बाद परिवार के लोगों ने तुरंत कादरचौक पुलिस को सूचना दी और थाने पहुंचकर आरोपी सर्वेश के खिलाफ तहरीर दी।

टिप्पणियाँ
एक टिप्पणी भेजें