कासगंज-दिल्ली इंटरसिटी के पहले दिन बिके केवल 60 टिकट, ऐप पर लोकेशन न दिखने से परेशान रहे यात्री
बदायूं। लंबे इंतजार के बाद कासगंज से बदायूं होते हुए दिल्ली के लिए नई इंटरसिटी एक्सप्रेस शुक्रवार को अपने गंतव्य के लिए रवाना हुई। संचालन के पहले ही दिन बदायूं स्टेशन पर खास भीड़भाड़ नहीं दिखी। सुबह तड़के के समय के कारण उम्मीद के मुताबिक यात्री नहीं पहुंचे।
ट्रेन संचालन के पहले दिन आरक्षित और अनारक्षित दोनों ही श्रेणियों में सीटें खाली नजर आईं।। स्थानीय लोगों का मानना है कि ट्रेन का समय सुबह बहुत जल्दी होने के कारण आम जनता इसका पूर्ण लाभ नहीं उठा पा रही है। व्यापारी वर्ग इस नई सेवा से बेहद उत्साहित है क्योंकि दिल्ली से माल मंगवाने में बसों का खर्च काफी अधिक आता था। अब ट्रेन के जरिए ट्रांसपोर्ट लागत लगभग आधी रह गई है, जिससे सीधे तौर पर व्यापारिक मुनाफे में वृद्धि होगी। आम यात्रियों के लिए भी यह सुविधा सीधी और सुलभ है।
यात्रा के लिए ट्रेन की प्रतीक्षा कर रहे यात्री अपने मोबाइल फोन पर व्हेयर इज माई ट्रेन ऐप के जरिए लगातार लोकेशन ट्रैक करने की कोशिश करते रहे, लेकिन ऐप पर ट्रेन की स्थिति अपडेट नहीं हो रही थी। साथ ही कासगंज से दिल्ली को रवाना हुई ट्रेन की भी जानकारी ऐप पर नहीं दिखी। नई ट्रेन होने के कारण डिजिटल डेटा उपलब्ध न होने से यात्रियों में असमंजस की स्थिति बनी रही।

टिप्पणियाँ
एक टिप्पणी भेजें