दिल्ली इंटरसिटी एक्सप्रेस का नियमित संचालन कल से
कासगंज से तड़के 02:10 बजे चलकर 03:45 बजे पहुंचेगी बदायूं
बदायूं। जिले के रेल यात्रियों का लंबा इंतजार खत्म हो गया है। कासगंज-दिल्ली इंटरसिटी एक्सप्रेस का नियमित संचालन 17 अप्रैल से शुरू होने जा रहा है। यह ट्रेन बदायूं, उझानी और सोरों के यात्रियों व व्यापारियों के लिए वरदान साबित होगी। अब क्षेत्र के लोगों को दिल्ली जाने के लिए बरेली तक की दौड़ नहीं लगानी पड़ेगी, जिससे उनके समय और धन दोनों की बचत होगी।
यह ट्रेन प्रतिदिन कासगंज से तड़के 02:10 बजे प्रस्थान करेगी और 03:45 बजे बदायूं पहुंचेगी। यहां 5 मिनट के ठहराव के बाद यह बरेली, रामपुर, मुरादाबाद, गजरौला और गाजियाबाद होते हुए सुबह 10:20 बजे दिल्ली पहुंचेगी। यात्रियों की सुविधा के लिए इसमें कुल 18 कोच लगाए गए हैं, जिनमें 2 एसी चेयरकार, 9 आरक्षित कुर्सीयान और 5 सामान्य कोच शामिल हैं। वापसी में यह ट्रेन 16 अप्रैल को नई दिल्ली से शाम 16:35 बजे चलकर रात 00:10 बजे कासगंज पहुंचेगी। इस विस्तार से बदायूं और कासगंज क्षेत्र के व्यापारियों को विशेष लाभ होगा। अब तक यात्रियों को दिल्ली जाने के लिए बरेली जाकर ट्रेन पकड़नी पड़ती थी।

टिप्पणियाँ
एक टिप्पणी भेजें