नौ वर्षीय मासूमी से दुष्कर्म करने वाले आरोपी को भेजा जेल
बदायूं। नौ साल की बच्ची से दुष्कर्म के मामले में पुलिस ने आरोपी युवक को गिरफ्तार कर जेल भेज दिया। पुलिस ने बच्ची का मेडिकल कराकर मामले की जांच शुरू कर दी है।
सिविल लाइंस कोतवाली क्षेत्र के एक मोहल्ले की रहने वाली महिला का पति दुबई में रहता है। करीब चार महीने पहले वह कादरचौक थानाक्षेत्र के सकरी कासिमपुर गांव के रहने वाले विनय से बदायूं के बस स्टैंड पर मिली थी। इसके बाद उसका घर आना-जाना शुरू हो गया था। गुरुवार शाम युवक ने नौ वर्षीय बच्ची के साथ उसकी मां की गैरमौजूदगी में घर में घुसकर दुष्कर्म की घटना को अंजाम दिया गया। घटना के समय बच्ची घर में अकेली थी। मां ने बताया कि आरोपी ने अंदर जाकर बेटी के साथ दुष्कर्म किया। जब बच्ची की मां घर लौटी तो उसने बच्ची को बदहवास हालत में पड़ा पाया। इसी दौरान आरोपी वहां से भागने की कोशिश करने लगा। महिला ने तुरंत यूपी-112 पुलिस को सूचना दी, जिसके बाद मौके पर पहुंची पुलिस ने कार्रवाई शुरू की।
पुलिस ने घेराबंदी कर आरोपी विनय कुमार निवासी कादरचौक को सोत नदी के पुल के पास से गिरफ्तार कर लिया। इसके बाद बच्ची को रात में ही मेडिकल परीक्षण के लिए अस्पताल भेजा गया, जहां उसका परीक्षण कराया गया। पुलिस ने आरोपी के खिलाफ संबंधित धाराओं में मुकदमा दर्ज कर उसे न्यायालय में पेश किया, जहां से उसे जेल भेज दिया गया।

टिप्पणियाँ
एक टिप्पणी भेजें