बरेली हाईवे पर घटपुरी के पास आग का गोला बनी दौड़ती कार , बाल बाल बचे 11 लोग
बदायूं। बरेली-मथुरा हाईवे पर शुक्रवार सुबह एक चलती कार में अचानक आग लग गई, जिससे अफरा-तफरी मच गई। कार चालक सहित 11 लोग समय रहते बाहर निकल आए। देखते ही देखते कार पूरी तरह जल गई। सूचना पर पहुंची फायर ब्रिगेड और पुलिस ने आग पर काबू पाया।
घटना शुक्रवार तड़के बरेली-मथुरा हाईवे पर घटपुरी के पास की है, जहां हरियाणा से बरेली की ओर जा रही कार में अचानक आग लग गई। आग लगते ही कार में सवार लोग घबरा गए। आसपास खेतों में काम कर रहे लोग मौके पर पहुंचे और आग बुझाने का प्रयास करने लगे। इसी दौरान फायर ब्रिगेड और थाना पुलिस को सूचना दी गई। समय रहते सभी 11 लोग कार से बाहर निकल आए, जिससे बड़ा हादसा टल गया, लेकिन कार पूरी तरह जलकर राख हो गई। कार में सवार लोग बरेली जनपद के भोजीपुरा थाना क्षेत्र के सिंघाई कायास्थान निवासी विनय कुमार समेत अन्य मजदूर थे, जो हरियाणा से काम करके लौट रहे थे। पीड़ितों ने बताया कि करीब 80 हजार की नगदी और अन्य सामान जल गया। सूचना पर पहुंची बिनावर पुलिस ने सभी से जानकारी ली, जबकि फायर ब्रिगेड ने मौके पर पहुंचकर आग पर काबू पाया। घटना के दौरान हाईवे पर लोगों की भीड़ जुट गई और कुछ समय के लिए यातायात भी प्रभावित रहा।

टिप्पणियाँ
एक टिप्पणी भेजें