ज़िले के परिषदीय विद्यालयों में होगा स्पोर्ट्स क्लब का गठन
बदायूं। जिले के परिषदीय और कस्तूरबा गांधी बालिका विद्यालयों की दशा सुधारने के बाद अब शासन का ध्यान छात्रों के खेल कौशल पर है। महानिदेशक स्कूल शिक्षा के निर्देशानुसार, जिले के स्कूलों में स्पोर्ट्स क्लब का गठन किया जाएगा। इसका मुख्य उद्देश्य ग्रामीण प्रतिभाओं को तराश कर उन्हें राज्य, राष्ट्रीय और ओलंपिक स्तर की प्रतियोगिताओं के लिए पूरी तरह तैयार करना है।
बीएसए वीरेंद्र कुमार सिंह ने बताया कि शासन के निर्देश पर जिले के परिषदीय विद्यालयों में खेल गतिविधियों को बढ़ावा देने की तैयारी तेज कर दी गई है। इसके तहत प्रत्येक स्कूल में एक स्पोर्ट्स क्लब गठित होगा, जिसमें खेल प्रभारी शिक्षक के साथ खेलों में रुचि रखने वाले 10 छात्र-छात्राएं शामिल होंगे। यह क्लब न केवल कबड्डी, खो-खो, फुटबॉल, वॉलीबाल और हैंडबॉल जैसे पारंपरिक खेलों को प्रोत्साहित करेगा, बल्कि विद्यालय स्तर पर शतरंज, कैरम, बैडमिंटन और एथलेटिक्स जैसी स्पर्धाएं भी आयोजित की जाएंगी।

टिप्पणियाँ
एक टिप्पणी भेजें