एसएसपी कार्यालय के सामने महिला के जहर खाने के मामले में दरोगा लाइन हाजिर


बदायूं,। एसएसपी कार्यालय के सामने जहरीला पदार्थ खाकर जान देने की कोशिश करने वाली महिला की हालत में सुधार है। तीसरे दिन भी उसका जिला अस्पताल में इलाज जारी है। इस मामले में पुलिस की लापरवाही उजागर होने पर एसएसपी ने हल्का दरोगा को लाइन हाजिर कर दिया है।

मूसाझाग थानाक्षेत्र की नगर पंचायत गुलड़िया के वार्ड नंबर 10 के रहने वाले राम भरोसे शर्मा का परिवार मोहल्ले के अर्पित पटेल उर्फ भोला के परिवार से परेशान है। आरोप है कि आरोपी आए दिन घर में घुसकर मारपीट करता है और झूठे मुकदमे दर्ज कराता है। अर्पित पटेल ने पीड़ित परिवार के एक युवक पर हत्या के प्रयास का मुकदमा भी दर्ज करा रखा है। पीड़ित पक्ष ने पुलिस से कार्रवाई की गुहार लगाई, लेकिन कोई सुनवाई नहीं हुई। पुलिस की इस लापरवाही और दबंगों के आतंक से परेशान होकर पीड़ित परिवार ने गांव छोड़ने का फैसला लिया। गांव से पलायन करने से पहले पीड़ित परिवार के साथ एसएसपी कार्यालय पहुंचा। उसने एसएसपी को आप बीती बताई। एसएसपी ने जांच कर कार्रवाई का भरोसा दिया। आरोप है कि अर्पित पटेल ने शिकायत पर अंजाम भुगतने की चेतावनी दी। इसी डर से एसएसपी के कार्यालय से लौटते वक्त रामभरोसे शर्मा की पुत्रवधू सुनीता शर्मा ने सिविल लाइंस कोतवाली के सामने जहरीला पदार्थ खा लिया गंभीर हालत में सुनीता शर्मा को जिला अस्पताल के इमरजेंसी वार्ड में भर्ती कराया गया, जहां अब उसकी हालत में सुधार बताया जा रहा है और इलाज जारी है।

मामले को गंभीरता से लेते हुए एसएसपी अंकित शर्मा ने सीओ उझानी सुनील सिंह से जांच कराई, जिसमें हल्का दरोगा मुकेश कुमार तोमर की लापरवाही सामने आई। जांच में पाया गया कि दरोगा ने पूरे घटनाक्रम में प्रभावी कार्रवाई नहीं की, जिसके चलते उसे लाइन हाजिर कर दिया गया। वहीं, अर्पित पटेल उर्फ भोला ने भी रामभरोसे शर्मा के परिवार पर झूठे मुकदमे दर्ज कराने और मारपीट करने के आरोप लगाए हैं।

टिप्पणियाँ

इस ब्लॉग से लोकप्रिय पोस्ट

आबिद रज़ा ने 1 जनवरी को अजमेर शरीफ दरगाह में लगाई हाजरी, चादरपोशी कर मांगी अमन चैन की दुआ