भाजपा मंडल उपाध्यक्ष समेत तीन पर बकरा चोरी का केस दर्ज
उघैती। भाजपा के मंडल उपाध्यक्ष समेत तीन लोगों पर 14 बकरे चोरी करने का मुकदमा दर्ज किया गया है। पुलिस ने सीसीटीवी समेत अन्य स्तर से जांच शुरू कर दी है।
गांव छिवऊ कलां निवासी रजनीश गुप्ता उघैती में भाजपा के मंडल उपाध्यक्ष हैं। उनके गांव निवासी मोहम्मद अशफाक का आरोप है कि उनके घेर में बंधे 14 बकरे 21 अप्रैल की रात चोर चुरा कर ले गए। काफी ढूंढने पर भी बकरों का कोई सुराग नहीं मिला। 23 अप्रैल को शिकायतकर्ता ने तहरीर दी कि उनके 14 बकरे गांव निवासी रजनीश गुप्ता, संभल जिले की कोतवाली हयातनगर निवासी मुन्ना एवं सोनू चोरी कर ले गए हैं प्रभारी निरीक्षक उघैती ऋषिपाल सिंह तहरीर के आधार पर मुकदमा पंजीकृत किया गया है।
झूठा फंसाया गया बोले मंडल उपाध्यक्ष
बकरे चोरी में नामजद मंडल उपाध्यक्ष रजनीश गुप्ता ने बताया कि उस रात वह घर पर थे, जिसकी फुटेज उनके पास है। इसके अलावा अन्य आरोपियों से आज तक उनकी कोई भी बात नहीं हुई है। पुलिस की जांच में सब सच सामने आ जाएगा। उन्हें सिर्फ रंजिशन फंसाया गया है।

टिप्पणियाँ
एक टिप्पणी भेजें