विवाह समारोह में खाना खाकर 36 लोग बीमार

होने लगी उल्टी, दस्त, पेट दर्द और चक्कर आने की शिकायत 

बदायूं। उघैती थाना क्षेत्र में ग्राम पंचायत खितौरा कुंदन के मजरा गोदी नगला में एक शादी समारोह की खुशियों के बीच उस समय हड़कंप मच गया, जब बारात की दावत खाने के बाद अचानक करीब 36 घराती और बराती बीमार हो गए। आनन फानन में सभी को नजदीकी प्राइवेट क्लीनिक पर दिखाया गया। फिलहाल सभी की हालत ठीक बताई जा रही है।

गांव गोदीनगला निवासी रामबहादुर शाक्य की बेटी शांति का विवाह जरीफनगर थाना क्षेत्र के सोनबुड़ी से तय हुआ था। मंगलवार को गांव में बारात आगमन की तैयारियां चल रही थीं। बारात आने से पहले गांव में दावत का आयोजन किया गया था, जिसमें बड़ी संख्या में लोगों ने भोजन किया। दावत के कुछ समय बाद ही कई लोगों को उल्टी, दस्त, पेट दर्द और चक्कर आने की शिकायत होने लगी। देखते ही देखते बीमार लोगों की संख्या बढ़ती गई, जिससे परिजनों में हड़कंप मच गया। बाद में बारात के कुछ लोग भी खाना खाकर बीमार हो गए। ग्रामीणों ने बिना समय गंवाए सभी को नजदीकी निजी अस्पतालों में भर्ती कराया, जहां उनका इलाज शुरू किया गया। चिकित्सकों के अनुसार अधिकांश मरीजों में फूड प्वाइजनिंग जैसे लक्षण पाए गए हैं। समय पर उपचार मिलने से सभी की हालत में सुधार हो गया है। घटना के बाद गांव में दहशत का माहौल बना रहा।

टिप्पणियाँ

इस ब्लॉग से लोकप्रिय पोस्ट

आबिद रज़ा ने 1 जनवरी को अजमेर शरीफ दरगाह में लगाई हाजरी, चादरपोशी कर मांगी अमन चैन की दुआ