नेग के चलते दहशत में बदल गया खुशियों का मौका,  किन्नरों ने की फायरिंग

दूल्हे का भतीजा घायल, छह किन्नर गिरफ्तार

 बदायूं। मान्यता है कि किन्नरों की दुआएं खाली नहीं जाती, इसलिए शादी-ब्याह में मनमाफिक नेग दिए जाने की परंपरा है। बुधवार की रात इसी नेग के चलते खुशियों का मौका दहशत में बदल गया। किन्नरों की टोली 21 हजार रुपये नेग पर अड़ी थी और शादी वाला परिवार 21 सौ रुपए देना चाहता था। बात इतनी बिगड़ी कि देखते ही देखते कहासुनी मारपीट, पथराव और फायरिंग पर पहुंच गई। किन्नरों की ओर से हुई फायरिंग में दूल्हे का भतीजा घायल हो गया। सूचना पर पहुंची पुलिस ने छह किन्नरों को गिरफ्तार करके जेल दिया है।


कुंवरगांव थाना क्षेत्र के हुसैनपुर गांव में बुधवार की रात फूल सिंह की बेटी की शादी थी। मूसाझाग थाना क्षेत्र के गांव कथरा से नेमचंद के बेटे नरेंद्र की बारात आई थी। गुरुवार तड़के सात फेरों की तैयारी चल रही थी। उसी दौरान बोलेरो से छह किन्नर बारात स्थल पर पहुंचे और दूल्हा पक्ष से 21 हजार रुपये नेग की मांग करने लगे। दूल्हे के पिता ने 2100 रुपये देने की बात कही तो किन्नर भड़क उठे। इसी बात को लेकर दोनों पक्षों में कहासुनी शुरू हो गई। किन्नरों के हंगामे से गुस्साए बारातियों व घरातियों ने उनके साथ मारपीट कर दी। बवाल बढ़ने पर किन्नरों ने गाड़ी से तमंचा निकालकर फायरिंग कर पथराव शुरू कर दिया। फायरिंग में दूल्हे का भतीजा गौरव घायल हो गया। गोलियों की आवाज सुनते ही गांव में अफरा-तफरी मच गई थी। लोग जान बचाने के लिए इधर-उधर भागने लगे थे। शादी का माहौल एकाएक तनाव में बदल गया।


सूचना पर पहुंची पुलिस ने बोलेरो की तलाशी में दो तमंचे, पांच जिंदा कारतूस, कैंची और लाठी-डंडे बरामद किए हैं। वहीं छह किन्नर रोहित पुत्र शराफत, जामा मस्जिद, खुशी पुत्र मोहिउद्दीन कुंवरगांव, जस्सी पुत्र चन्द्रपाल कुंवरगांव, आयान पुत्र अशफाक सालारपुर,  राधा पुत्र राजीव, रामनगर कॉलोनी मिलक रामपुर, विनीता पुत्र प्रेमपाल निवासी बरेली को गिरफ्तार कर जेल भेज दिया।


नेग को लेकर विवाद के बाद मारपीट और फायरिंग की घटना हुई है। छह आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया गया है। घायल को अस्पताल में भर्ती कराया गया है और मामले में विधिक कार्रवाई की जा रही है।

- रजनीश उपाध्याय, सीओ सिटी



टिप्पणियाँ

इस ब्लॉग से लोकप्रिय पोस्ट

आबिद रज़ा ने 1 जनवरी को अजमेर शरीफ दरगाह में लगाई हाजरी, चादरपोशी कर मांगी अमन चैन की दुआ