मॉडिफाइड साइलेंसर लगी तीन बुलेट बाइक सीज, 65000 लगाया जुर्माना
बदायूं। एसएसपी के निर्देशों के तहत यातायात नियमों का उल्लंघन करने वालों के खिलाफ सख्त अभियान जारी है। इसी क्रम में यातायात प्रभारी ललित कुमार एवं सिविल लाइन थाना प्रभारी हरेंद्र सिंह ने संयुक्त कार्रवाई करते हुए मॉडिफाइड साइलेंसर लगी 3 बुलेट मोटरसाइकिलों को सीज किया।
जानकारी के अनुसार, पुलिस लाइन चौराहे पर चलाए गए चेकिंग अभियान के दौरान यह कार्रवाई की गई। इस दौरान यातायात प्रभारी ललित कुमार ने मॉडिफाइड साइलेंसर लगी 2 बुलेट मोटरसाइकिलों को सीज करते हुए कार्रवाई की। इनमें से एक बाइक पर चार सवारी बैठाने और तेज आवाज वाला साइलेंसर लगाने पर 34,500 रुपये का जुर्माना लगाया गया, जबकि दूसरी बुलेट बाइक पर 20,500 रुपये का जुर्माना करते हुए उसे सीज किया गया।
वहीं, सिविल लाइन थाना प्रभारी हरेंद्र सिंह ने मॉडिफाइड साइलेंसर लगी एक बुलेट बाइक पर 10,000 रुपये का जुर्माना लगाते हुए उसे सीज कर दिया।
चेकिंग के दौरान दोनों अधिकारी पुलिस टीम के साथ मौके पर मौजूद रहे और नियमों का उल्लंघन करने वालों के खिलाफ सख्ती बरती गई। यातायात पुलिस एवं थाना पुलिस ने स्पष्ट किया है कि मॉडिफाइड साइलेंसर और तेज आवाज करने वाले वाहनों के खिलाफ आगे भी इसी तरह अभियान जारी रहेगा।


टिप्पणियाँ
एक टिप्पणी भेजें