ज़मीन के विवाद में किसान को मारी गोली, हायर सेंटर रेफर
बदायूं। खेत से घर लौट रहे एक व्यक्ति को जमीन और तालाब के कब्जे की रंजिश में गांव के कुछ लोगों ने गोली मार दी। गंभीर हालत में घायल को बदायूं जिला अस्पताल में भर्ती कराया गया, जहां से हालत नाजुक होने पर हायर सेंटर रेफर किया गया।
शाहजहांपुर जिले के कलान थाना क्षेत्र के गया दारानगर निवासी जयवीर 45 वर्ष पुत्र भानु प्रताप खेत से अपने घर लौट रहे थे। इसी दौरान गांव के ही कुछ लोग ट्रैक्टर लेकर पहुंचे और उन्हें कुचलने का प्रयास किया, लेकिन जयवीर किसी तरह बच निकले। आरोप है कि इसके बाद हमलावरों ने उन पर फायरिंग कर दी, जिसमें एक गोली उनके सिर में जा लगी। गोली लगते ही वह गंभीर रूप से घायल होकर गिर पड़े। मौके पर अफरा-तफरी मच गई। परिजन और ग्रामीण उन्हें तत्काल उसावां सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र ले गए, जहां प्राथमिक उपचार के बाद हालत गंभीर देखते हुए जिला अस्पताल रेफर कर दिया गया।
जिला अस्पताल में भी हालत नाजुक बनी रहने पर डॉक्टर ने उन्हें हायर सेंटर भेज दिया। जयवीर के भाई ने बताया कि गांव के कुछ लोगों से जमीन और तालाब पर कब्जे को लेकर लंबे समय से विवाद चल रहा है। इस संबंध में जयवीर की पत्नी माला देवी ने तहसील दिवस और मुख्यमंत्री पोर्टल पर भी शिकायत की थी, लेकिन कोई ठोस कार्रवाई नहीं हुई। उनका आरोप है कि उसी रंजिश के चलते जयवीर पर जानलेवा हमला किया गया। फिलहाल घायल की हालत गंभीर बनी हुई है और परिवार में दहशत का माहौल है।

टिप्पणियाँ
एक टिप्पणी भेजें