तीन दिन से लापता बुजुर्ग का गांव के तालाब में उतराता मिला शव,मचा कोहराम
बिनावर। तीन दिन से लापता बुजुर्ग का गांव के बीच बने तालाब में शव मिलने से परिवार में कोहराम मच गया। सूचना पर पहुंची पुलिस ने शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया और मामले की जांच शुरू कर दी है। बुजुर्ग गांव में अकेले रहते थे, जबकि उनके बच्चे ससुराल में रहते हैं।
मामला बिनावर थाना क्षेत्र के मिगौनिया गांव का है। यहां के निवासी दुलारपाल 80 वर्ष पुत्र तोताराम तीन दिन से लापता थे। शुक्रवार सुबह उनका शव गांव के बीच बने तालाब में मिला, जिससे गांव में सनसनी फैल गई। सूचना मिलते ही परिजन मौके पर पहुंचे और पुलिस को जानकारी दी। पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया और जांच शुरू कर दी।
परिजनों ने बताया कि दुलारपाल की ससुराल दातागंज कोतवाली क्षेत्र के गलौथी गांव में जमीन है, जहां उनके दोनों बेटे अपने परिवार के साथ रहते हैं। दुलारपाल गांव में अकेले रहते थे और अक्सर 10-15 दिनों के लिए बाहर चले जाते थे, जिससे उनकी अनुपस्थिति पर ज्यादा चिंता नहीं होती थी। इस बार भी परिवार को यही लगा, लेकिन तालाब में शव मिलने के बाद घटना का पता चला।

टिप्पणियाँ
एक टिप्पणी भेजें