पत्नी से कहासुनी के बाद घर से निकले युवक का गांव के बाहर मिला शव, मचा हड़कंप
बदायूं। पत्नी से कहासुनी के बाद घर से निकले युवक का शव गांव के बाहर आम के पेड़ के नीचे मिला। सूचना पर पहुंची पुलिस ने शव पोस्टमार्टम को भेजकर जांच शुरू कर दी है। प्रारंभिक जांच में घरेलू विवाद और शराब की लत घटना की वजह बताई जा रही है। वहीं पोस्टमार्टम रिपोर्ट में मौत की वजह साफ न होने पर विसरा सुरक्षित कर जांच के लिए भेजा गया है।
उसावां थाना क्षेत्र के गूरा बरैला गांव के रहने वाले रमेश का पत्नी से किसी बात को लेकर विवाद हो गया था। इसके बाद वह सुबह घर से निकल गए और देर तक नहीं लौटे। काफी तलाश के बाद गांव के बाहर आम के पेड़ के नीचे उनका शव पड़ा मिला।
गांव के लोगों ने इसकी सूचना परिजनों को दी, जिसके बाद परिवार में हड़कंप मच गया। परिजनों ने तुरंत पुलिस को सूचना दी, जिस पर पुलिस मौके पर पहुंची और शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया। पोस्टमार्टम हाउस पहुंचे परिजनों ने बताया कि पत्नी से कहासुनी के बाद रमेश घर से निकल गए थे और बाद में उनका शव मिला।
घटना के बाद परिवार में कोहराम मचा हुआ है। मामले में थानाध्यक्ष राजेंद्र सिंह ने बताया कि जांच में सामने आया है कि रमेश शराब पीने का आदी था और पिछले कई दिनों से लगातार शराब का सेवन कर रहा था। वह बीमार भी रहता था, जिस कारण घर में विवाद हुआ था। फिलहाल पुलिस पोस्टमार्टम रिपोर्ट और पूरे मामले की जांच के बाद आगे की कार्रवाई की जाएगी।

टिप्पणियाँ
एक टिप्पणी भेजें