कोर्ट परिसर में चौकीदार की संदिग्ध हालात में मौत

बदायूं। चौकीदार की न्यायालय परिसर स्थित गार्द रूम में संदिग्ध परिस्थितियों में मौत हो गई। घटना की जानकारी मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंच गई और शव को कब्जे में लेकर जांच शुरू कर दी। फॉरेंसिक टीम ने घटनास्थल से साक्ष्य जुटाए हैं। सूचना पर न्यायिक अधिकारियों और एसएसपी अंकिता शर्मा ने भी मौके का निरीक्षण किया। पोस्टमार्टम रिपोर्ट में मौत की वजह हैंगिंग बताई गई है।

मामला सिविल लाइंस कोतवाली क्षेत्र स्थित जिला न्यायालय परिसर का है। यहां चौकीदार के पद पर तैनात बरेली जिले के थाना सुभाषनगर क्षेत्र की बीडीए कॉलोनी निवासी 32 वर्षीय सुधीर कुमार की सोमवार शाम गार्ड रूम में संदिग्ध परिस्थितियों में मौत हो गई। सुधीर करीब एक माह पहले सहसवान न्यायालय से स्थानांतरित होकर यहां आए थे और ड्यूटी कर रहे थे। गार्द रूम में उनका शव पड़ा देख वहां मौजूद कर्मचारियों में अफरा-तफरी मच गई। सूचना मिलने पर पुलिस मौके पर पहुंची और शव को कब्जे में लेकर जिला अस्पताल भिजवाया, जहां डॉक्टर ने उन्हें मृत घोषित कर दिया। घटना की जानकारी मिलते ही एसएसपी अंकिता शर्मा भी मौके पर पहुंचीं और घटनास्थल का जायजा लिया। इसके अलावा फॉरेंसिक टीम ने भी मौके से साक्ष्य जुटाकर जांच शुरू कर दी है। 


पोस्टमार्टम हाउस पहुंचे परिवार के लोगों ने बताया कि सुधीर के पिता महेंद्र पाल यूपी पुलिस में दरोगा हैं और वर्तमान में शाहजहांपुर में तैनात हैं। सुधीर अपने तीन भाइयों में सबसे बड़े थे। उनकी शादी वर्ष 2024 में हुई थी, जबकि वर्ष 2023 में उनकी नौकरी लगी थी। सुधीर सहसवान न्यायालय से स्थानांतरण होकर एक माह पहले ही बदायूं आए थे। वह अपनी पत्नी के साथ सहसवान में रहते थे।


न्यायालय परिसर से एक व्यक्ति की मौत की सूचना प्राप्त हुई थी। सूचना मिलते ही एसएसपी ने मौके पर पहुंचकर घटनास्थल का निरीक्षण किया। फॉरेंसिक टीम ने भी मौके से साक्ष्य जुटाए हैं। प्रथम दृष्टया मामला आत्महत्या का प्रतीत हो रहा है, हालांकि अन्य सभी पहलुओं पर भी जांच की जा रही है। पोस्टमार्टम रिपोर्ट में मौत की वजह हैंगिंग बताई गई है।

- अभिषेक कुमार सिंह, एसपी सिटी

टिप्पणियाँ

इस ब्लॉग से लोकप्रिय पोस्ट

आबिद रज़ा ने 1 जनवरी को अजमेर शरीफ दरगाह में लगाई हाजरी, चादरपोशी कर मांगी अमन चैन की दुआ