दातागंज पुलिस आवास में शॉर्ट सर्किट से लगी आग, एक झुलसा
दातागंज। एसी में हुए शॉर्ट सर्किट से कमरे में आग लग गई। इससे कमरें में रखा सामान जल गया। घटना के दौरान कमरे में मौजूद एक व्यक्ति झुलस गया, जिसे उपचार के लिए अस्पताल में भर्ती कराया गया है।
घटना दातागंज कोतवाली के सामने बने पुलिस आवासों में हुई। यहां कांस्टेबल राजकुमार आवास के एक कमरे में रहते हैं। बताया जाता है कि देर रात कमरे में लगे एसी में अचानक शॉर्ट सर्किट हो गया। कुछ ही देर में आग ने पूरे कमरे को अपनी चपेट में ले लिया। धुआं और लपटें उठती देख आसपास मौजूद लोगों में अफरातफरी मच गई। लोगों ने शोर मचाकर अन्य कर्मचारियों को सूचना दी। मौके पर पहुंचे लोगों ने आग बुझाने का प्रयास किया, लेकिन तब तक कमरे में रखा सामान और अन्य जरूरी वस्तुएं जलकर राख हो चुकी थीं। घटना के समय कमरे में कांस्टेबल का परिचित भी मौजूद था, जो आग की चपेट में आ गया। आग लगने के दौरान कमरे में मौजूद दिनेश सिंह जादौन झुलस गए। उन्हें तत्काल इलाज के लिए जिला अस्पताल पहुंचाया गया, जहां चिकित्सकों ने प्राथमिक उपचार के बाद उनकी हालत गंभीर देखते हुए हायर सेंटर रेफर कर दिया। आग की सूचना मिलने पर पुलिसकर्मी और स्थानीय लोग मौके पर पहुंच गए। काफी मशक्कत के बाद आग पर काबू पाया जा सका। प्रारंभिक जांच में आग लगने का कारण एसी में हुआ शॉर्ट सर्किट बताया जा रहा है। घटना के बाद आवास परिसर में काफी देर तक अफरातफरी का माहौल बना रहा।

टिप्पणियाँ