बैंक अफसर बनकर आया किरायेदार नगदी और जेवर लेकर फ़रार 

बदायूं । बैंक अफसर बनकर आए एक युवक ने बुजुर्ग दंपति के मकान में किराए पर कमरा लिया और तीसरे दिन उन्हें बातों में फंसाकर नशीला पदार्थ पिला दिया। इसके बाद घर में रखी 40 हजार रुपये की नगदी और सोने-चांदी के जेवर समेटकर महिला साथी के साथ फरार हो गया।

उझानी के मोहल्ला अहीर टोला निवासी ज्ञानपाल सिंह अपनी पत्नी सविता के साथ घर में अकेले रहते हैं। घर में ही उनकी किराना की दुकान भी है। दो दिन पहले एक युवक उनके मकान में किराए का कमरा लेने आया। उसने खुद को बैंक अफसर बताया, जिस पर भरोसा कर दंपत्ति ने उसे कमरा दे दिया। बताया जाता है कि शुक्रवार शाम वह एक महिला को साथ लेकर कमरे पर पहुंचा और उसे अपनी नौकरानी बताया। उसने कहा कि महिला खाना बनाने के लिए आई है, जबकि कुछ दिन बाद उसकी पत्नी भी आ जाएगी। बुजुर्ग दंपति उसकी बातों में आ गए। देर शाम युवक ने कथित नौकरानी के हाथ की बनी चाय दंपति को पिला दी। चाय पीने के कुछ देर बाद ही दोनों गहरी नींद में चले गए। आरोप है कि रात में युवक महिला के साथ घर में रखी 40 हजार रुपये की नगदी और सोने-चांदी के जेवर लेकर फरार हो गया। शनिवार सुबह जब दंपत्ति की आंख खुली तो दोनों अर्द्धबेहोशी की हालत में थे।

पड़ोसियों की मदद से उन्हें उझानी सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र भेजा गया। पीड़ित ने मामले की शिकायत कोतवाली पुलिस से की है। पुलिस जांच में जुटी है।

टिप्पणियाँ

इस ब्लॉग से लोकप्रिय पोस्ट

आबिद रज़ा ने 1 जनवरी को अजमेर शरीफ दरगाह में लगाई हाजरी, चादरपोशी कर मांगी अमन चैन की दुआ