तेज़ रफ्तार बाइक की टक्कर से भैंस की मौत, 3 युवक घायल
बदायूं। तेज रफ्तार बाइक अनियंत्रित होकर भैंस से टकरा गई। हादसे में भैंस की मौके पर ही मौत हो गई, जबकि बाइक सवार तीन युवक गंभीर रूप से घायल हो गए। पुलिस ने घायलों को अस्पताल में भर्ती कराया।
शुक्रवार शाम बिसौली-सहसवान रोड पर गांव खितौरा के पास बिल्सी थाना क्षेत्र के गांव महलोली निवासी प्रवीण अपने बड़े भाई मुलायम सिंह और फुफेरे भाई अजय के साथ खरीदारी करने खितौरा जा रहा था। जैसे ही उनकी बाइक गांव के पास पहुंची, तभी गांव भुड़िया निवासी जंडेल की भैंस, जो सड़क किनारे ट्यूबवेल से पानी पीकर लौट रही थी, बाइक की चपेट में आ गई। टक्कर इतनी तेज थी कि भैंस की मौके पर ही मौत हो गई और बाइक सवार तीनों युवक गंभीर रूप से घायल हो गए। घटना की सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंच गई और घायलों को इलाज के लिए अस्पताल भिजवाया।
प्रभारी निरीक्षक ऋषिपाल सिंह ने बताया कि हादसे में भैंस की मौत हुई है और घायल युवकों को जिला अस्पताल में भर्ती कराया गया।

टिप्पणियाँ
एक टिप्पणी भेजें