बच्चों के विवाद में बढ़ा मामला, बुजुर्ग घायल, तमंचे की बट से किया हमला
बदायूं। बच्चों के विवाद के बाद दो पक्षों में कहासुनी बढ़ गई। आरोप है कि एक पक्ष के युवक ने घर में घुसकर महिला से छेड़छाड़ की कोशिश की और विरोध करने पर बुजुर्ग पर हमला कर दिया। घटना के दौरान हवाई फायरिंग की चर्चा भी रही। घायल बुजुर्ग को अस्पताल में भर्ती कराया गया है।
मामला कुंवरगांव थाना क्षेत्र के एक गांव का है। गांव में दो दिन पहले बच्चों के बीच विवाद हुआ था। मंगलवार दोपहर यह विवाद महिलाओं के बीच फिर बढ़ गया। कहासुनी के दौरान दोनों पक्ष आमने-सामने आ गए और आरोप-प्रत्यारोप शुरू हो गए। आरोप है कि इसी दौरान एक युवक घर में घुस आया और महिला से छेड़छाड़ की कोशिश की। विरोध करने पर 70 वर्षीय बुजुर्ग के साथ मारपीट की गई।
आरोप है कि युवक ने तमंचे की बट से बुजुर्ग के कंधे पर वार कर दिया, जिससे वह घायल हो गए। घटना के दौरान आरोपी का एक साथी भी मौके पर मौजूद बताया गया है। शोर-शराबा होने पर आसपास के लोग मौके पर पहुंच गए, जिसके बाद आरोपी वहां से भाग निकले। ग्रामीणों में हवाई फायरिंग की चर्चा भी रही, हालांकि पुलिस ने इसकी पुष्टि नहीं की है। सूचना मिलने पर थाना पुलिस गांव पहुंची और घायल बुजुर्ग को उपचार के लिए जिला अस्पताल भिजवाया। पुलिस दोनों पक्षों से पूछताछ कर मामले की जांच कर रही है।
दोनों पक्षों में बच्चों के विवाद में मारपीट हुई है। मामले की जांच की जा रही है। तहरीर मिलने पर आगे की कार्रवाई की जाएगी।

टिप्पणियाँ
एक टिप्पणी भेजें