सीएमओ न कई स्वास्थ्य केंद्रों का किया औचक निरीक्षण, ड्यूटी से नदारद मिले कर्मचारी, वेतन रोका
बदायूं,। जिले की स्वास्थ्य व्यवस्था को पटरी पर लाने के लिए सीएमओ न कई स्वास्थ्य केंद्रों का औचक निरीक्षण किया। इस दौरान वजीरगंज, घटपुरी, बगरैन और नौली हरनाथपुर में भारी अव्यवस्थाएं देखने को मिली। ड्यूटी से नदारद मिले डॉक्टरों और कर्मचारियों पर कड़ी नाराजगी जताते हुए सीएमओ ने सभी का वेतन रोकने के निर्देश दिए हैं।
मुख्य चिकित्सा अधिकारी डॉ. मोहन झा ने मंगलवार सुबह स्वास्थ्य केंद्रों का औचक निरीक्षण कर स्वास्थ्य सेवाओं का जायजा लिया। निरीक्षण की शुरुआत घटपुरी सीएचसी से हुई यहां 6 कर्मचारी ड्यूटी से नदारद मिले। इसके बाद सीएचसी वजीरगंज, पीएचसी बगरैन और नौली हरनाथपुर पहुंचे जहां वजीरगंज के 8 कर्मचारी ड्यूटी से गायब मिले। बगरैन पीएचसी तैनात डॉक्टर सुबह आठ बजे के बजाय 10 बजे अस्पताल पहुंचे। वहीं, नौली हरनाथपुर केंद्र पर एलटी और फार्मासिस्ट ड्यूटी से नदारद मिले।
सीएमओ ने केंद्रवार उपस्थिति पंजिका और सफाई व्यवस्था की भी बारीकी से जांच की। सफाई में कमी और स्टाफ रजिस्टर में गड़बड़ी पाए जाने पर उन्होंने कड़ी फटकार लगाई। उन्होंने स्पष्ट किया कि मरीजों की सेवा में कोताही बर्दाश्त नहीं की जाएगी। सभी अनुपस्थित कर्मियों का उस दिन का वेतन काटने का आदेश जारी कर दिया गया है।
वजीरगंज सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र में निरीक्षण के दौरान सन्नाटा पसरा मिला, जहां आठ कर्मचारी गायब थे। वहीं घटपुरी में छह कर्मचारी नदारद रहे।
सीएमओ ने इन सभी कर्मचारियों को नोटिस जारी कर जवाब मांगा है कि आखिर किन परिस्थितियों में वे अपनी ड्यूटी से अनुपस्थित रहे। इसके अलावा सभी लापरवाह कर्मचारियों का वेतन काटने के निर्देश दिए हैं।
वहीं पीएचसी बगरैन में समय की धज्जियां उड़ती मिलीं। यहां डॉक्टर साहब सुबह आठ बजे ड्यूटी पर होने चाहिए थे, लेकिन वे 10 बजे केंद्र पर पधारे। वहीं नौली हरनाथपुर में फार्मासिस्ट और एलटी के न होने से जांच और दवा वितरण का कार्य प्रभावित मिला।

टिप्पणियाँ
एक टिप्पणी भेजें